मुंबई। कोरोना के कहर के बीच देश के अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी, लीकेज व आग की घटनाओं से भी लोगो के मरने की बातें सामने आ रही है। ऐसा ही हादसा मुंबई के एक अस्पताल में हुआ। यहाँ के आईसीयू में लगी आग से कोरोना के 13 भर्ती मरीजों की दर्दनाक मौत की खबर है।


मुंबई के निकट विरार वेस्ट के विजय वल्लभ हॉस्पिटल में आईसीयू में देर रात आग लग गई। इस घटना में 13 मरीजों की मौत हो गई । घटना देर रात 3:30 बजे की है। यह अस्पताल पालघर जिले के वसई विरार म्युनिसिपल क्षेत्र में स्थित है।

बताया जा रहा है कि आग आईसीयू डक्ट में लगी थी। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। शेष मरीज़ों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है।आग लगने का कारण शार्टसर्किट बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकलों ने आग बुझाने का काम शुरू किया और साढ़े पांच बजे तक इस पर काबू पा लिया। ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन सेल के अधिकारी संतोष कदम ने बताया कि वार्ड में कुल 17 मरीज भर्ती थे, जिनमें 13 की मौत हो गयी जबकि चार अन्य मरीजों को समीप के अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है।   मृतकों की पहचान उमा सुरेश कंगुटकर(63) , निलेश भोईर(35) , पृथ्वीरात वल्लभदास वैष्णव (68) , राजनी काडु(60) , नरेंद्र शंकर शिन्दे(58), जनार्दन मोरश्वर म्हात्रे(63), कुमार किशोर दोशी(45), रमेश उपायन(55), प्रवीण शिवलाल गौड़ा(65), अमेय राजेश राहुत(23), श्यामा अरुण म्हात्रे(48), सुवर्णा विटाले(64) और सुप्रिया देशमुख(43) के रूप में की गयी है। इस बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने घटना की जांच के आदेश दिये हैं। इसके साथ ही प्रशासन को निजी अस्पतालों द्वारा ऐसी घटनाओं के दौरान आग लगने से सुरक्षा के उपायों के इंतजामों की भी जांच के भी निर्देश दिये गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *