ग्वालियर। कलेक्टर इलैया राजा टी ने कहा है कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप राजस्व अधिकारी संवेदनशीलता के साथ ओला प्रभावित किसानों को राहत राशि देने के लिए शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करें। इस दिशा में सर्वे की कार्यवाही पूर्ण की जाकर, ग्रामसभा के समक्ष एक्सल सीट कम्प्यूटराईज कराकर रखी जावे। वे कल शाम को कलेक्टर कार्यालय भिण्ड के सभागार में आयोजित टीएल बैठक में विभागीय अधिकारियों को दिशा निर्देश दे रहे थे।
कलेक्टर इलैया राजा टी ने कहा कि किसानों को सहायता राशि दिलाने के लिए सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रारंभिक मांग पत्र भेजे। साथ ही प्रभावित शत प्रतिशत गांवों का सर्वे कार्य पूर्ण कराकर जानकारी भिजवाई जावे। उन्हांेने कहा कि राहत राशि का गांव वार रजिस्टर तैयार कराया जावे। साथ ही उसमे किसानों की आपत्तियों को दर्ज करते हुए उनके निदान की पहल शीघ्र की जावे। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य पर निगरानी रखने के लिए जिला स्तरीय टीम का गठन किया गया है। इस टीम में अपर कलेक्टर आरपी भारती, संयुक्त कलेक्टर अनुज रोहतगी की तैनाती की गई है। नियुक्त टीम के अधिकारी सौंपे गए क्षेत्र में सर्वे कार्य को अंतिम रूप दिलाकर राहत राशि की सूची का चस्पा ग्रामसभा में कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बाजिव ओला पीडित किसान का नुकसान नहीं होना चाहिए। जिसका विशेष ध्यान रखा जावे।
कलेक्टर ने कहा जिले के सभी एसडीएम इस कार्य में तहसीलदारों को लीडरशिप प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य में क्षतिग्रस्त मकान और पशु हानि का भी आंकलन किया जावे। साथ ही ऐसे प्रभावित किसान जिनकी कन्याओं की शादी मार्च, अप्रैल, मई में होनी है। उनके प्रकरण सीईओ जनपद के माध्यम से तैयार कराए जावे। इन आवेदनो का बेरीफिकेशन तहसीलदार द्वारा किया जाकर किसान की विवाह योग्य कन्या के लिए 25 हजार रूपए की राशि उनके खाते में डाली जा सके। उन्होंने कहा कि आपूर्ति विभाग के माध्यम से प्रभावित किसानों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने की दिशा में आपूर्ति अधिकारी अपने अधीनस्थ अमले के साथ खाद्यान्न पर्ची जारी कराने की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि जिले में आयोजित होने वाली ग्रामसभा की तिथि जिला कलेक्टर से तय कराई जावे। इस तिथि की मुनादी कोटवार के माध्यम से एसडीएम सुनिश्चित करावे। उन्होंने कहा कि ओला प्रभावित ऐरिया में बसूली स्थगित की जावे। साथ ही बसूली से संबंधित विद्युत वितरण कंपनी, राजस्व अधिकारी, बैकर्स एवं अन्य विभागीय अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
कलेक्टर इलैया राजा टी द्वारा टीएल बैठक में विभिन्न प्रकार के प्रकरणों और समस्याओं का निदान नहीं करने के साथ-साथ अपने कार्य में शिथिलितता बरतने पर महाप्रबंधक विद्युत वितरण कंपनी डीव्ही वार्ष्णेय, कार्यपालन यंत्री आरईएस एससी गुप्ता, पीएचई प्रभारी एमके उमरैया , परियोजना अधिकारी शहरी विकास आईएस नेगी, जिला शिक्षा अधिकारी एसएन तिवारी, जिला पंचायत के ग्रामोद्योग अधिकारी मालवीय, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाऐं डॉ रमेश तोमर को कारण बताओं नोटिस जारी किए गए है।
