इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर संभाग के देवास जिले के पुष्पगिरि में अंर्तमना जैन संत मुनि श्री प्रसन्न सागर महाराज को उनके गुरू आचार्य श्री पुष्पदंत सागर महाराज 29 नवंबर को आचार्य पद से विभूषित करेंगे। इस अवसर पर देवास जिले के पुष्पगिरी जैन तीर्थ पर 5 दिवसीय भव्य आयोजन की तैयारी की जा रही है। इस आयोजन में आचार्य श्री पुष्पदंत सागर महाराज के लगभग सभी शिष्य पुष्पगिरी पहुंच रहे हैं। उम्मीद है कि आचार्य श्री पुष्पदंत सागर महाराज अपने कुछ अन्य शिष्यों को भी आचार्य अथवा अन्य पदों से विभूषित कर सकते हैं।
पुष्पगिरी में 27 नवंबर से एक दिसंबर तक पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया गया है। इस आयोजन में देशभर से हजारों भक्तगण पहुंचेंगे। पुष्पगिरी पर एक विशाल अति आधुनिक धर्मशाला का निर्माण किया गया है, जिसमें 42 कक्ष बनाए गए हैं। आयोजन के लिए विशाल सभागृह तैयार किया जा रहा है। मुख्य आयोजन 29 नवंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगा। जिसे पंचाचार भगवत् पद संस्कार महोत्सव का नाम दिया गया है। जिस समय आचार्य श्री पुष्पदंत सागर महाराज अपने शिष्यों को आचार्य पद देंगे उस समय मंच पर देश के प्रख्यात 11 भट्टारक, 11 प्रतिष्ठाचार्य, 11 जैन धर्म के मर्मज्ञ विद्वान, 11 देश के जाने माने राजनेता और 11 वरिष्ठ पत्रकार मंच पर उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर पुष्पगिरी में आचार्य श्री पुष्पदंत सागर महाराज 1 दिसंबर को दोपहर 1 बजे 6 लोगों को जैनेश्वरी दीक्षा भी देंगे।