भोपाल। बिजली कंपनी मध्यप्रदेश मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उप महाप्रबंधक समीर कुमार शर्मा के यहां शुक्रवार को लोकायुक्त पुलिस ने छापा मारा। बारह साल पहले बिजली कंपनी में नौकरी में आए शर्मा ने भोपाल और बनारस में मकान खडे कर लिए। छापे में दस लाख रुपए के जेवर सहित तीन बैंकों में खाते, जीवन बीमा आदि के दस्तावेज मिले हैं। छापे में अब तक करीब एक करोड से ज्यादा की संपत्ति का खुलासा हुआ है।

बिजली कंपनी में 2007 में सेवा में आए उप महाप्रबंधक समीर कुमार शर्मा का अगस्त 2019 में इटारसी से भोपाल तबादला हुआ था। उनके खिलाफ इटारसी की पदस्थापना के दौरान लोकायुक्त पुलिस में अनुपातहीन संपत्ति की शिकायत हुई थी। इस बीच शर्मा का भोपाल में स्थानांतरण हो गया।

शिकायत की जांच के बाद शुक्रवार को लोकायुक्त पुलिस ने शर्मा के अयोध्यानगर के पास स्थित सागर इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च टेक्नालॉजी सागर सिल्वर स्प्रिंग्स के डुप्लेक्स पर छापे की कार्रवाई शुरू की। लोकायुक्त पुलिस की एक-एक टीम उनके गोविंदपुरा बिजली कंपनी के दफ्तर व समरधा स्थित फ्लेट में भी पहुंची।

छापे की कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त पुलिस को शर्मा के सागर सिल्वर स्प्रिंग्स स्थित घर पर करीब आधा किलोग्राम वजन के सोने के जेवर सहित 10 लाख के सोने-चांदी के आभूषण मिले। यहीं बनारस में पत्नी के नाम एक मकान का रिकॉर्ड भी मिला जिसकी जांच के लिए लोकायुक्त पुलिस की एक टीम बनारस भेजी जा रही है।

शर्मा के घर तीन बैंक के खाते के दस्तावेज मिले हैं तथा एक लॉकर होने के साक्ष्य मिले हैं जो कुछ समय पहले शर्मा ने बंद करा दिया है। तीन बैंक खातों में एक पीपीएफ खाता, एक-एक स्वयं व पत्नी के नाम का बैंक खाता शामिल है। जीवन बीमा की पॉलिसी की सालाना 56 हजार रुपए की किश्त और मेडिक्लेम के रिकॉर्ड भी घर पर पाए गए हैं। समरधा स्थित फ्लेट में शर्मा ने एक किरायेदार रखा हुआ है।

लोकायुक्त पुलिस द्वारा शर्मा के वेतन और भत्तों सहित दौरों, छुट्टियों के पुनर्भुगतान आदि का रिकॉर्ड बिजली कंपनी से लिया जा रहा है। इसी तरह संपत्ति का मूल्यांकन कराया जा रहा है। मूल्यांकनकर्ताओं से संपत्ति के मूल्यांकन के दौरान पाया गया कि सागर सिल्वर स्प्रिंग्स का डुप्लेक्स 1500 वर्गफीट में बना है और समरधा में 1300 वर्गफीट का फ्लेट है। बनारस की संपत्ति का सत्यापन टीम को भेजकर कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *