दतिया । मध्यप्रदेश शासन के जल संसाधन, जनसम्पर्क एवं संसदीय कार्य विभाग मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने ग्राम बांमरौल में 70 करोड़ की लागत से 61 गांव के लिए बनी समूह नलजल योजना का भूमिपूजन किया। जनसम्पर्क मंत्री द्वारा दो हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबियां सौंपी, 11 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा योजना में पंजीयन वितरित किए तथा 23 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास के स्वीकृति पत्र दिए।
जनसम्पर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने अपने उदबोधन में कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्र में भी उसी प्रकार से नल की टोटी से पानी मिलेगा जैसे शहरों में वितरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव टंकी बनेगी और गांव में पाईप लाईन डालकर घर-घर पानी की आपूर्ति की जायेगी। उन्होंने ग्रामीणजन से अपील की कि वह इस बात पर ध्यान रखें कि ठेकेदार लाईन बिछाने के बाद गांव की सीसी सडक़ को यथावत करें और सभी नलों में टोटियां लगाई जाए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसान की तरक्की के लिए कृत संकल्पित सरकार है। किसानों, मजदूरों की भलाई के लिए अनेक योजनायें चलाई जा रही है आप सभी आगे बढक़र लाभ लेंं।
कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीण जन ने सरपंच प्रकाश पाल के नेतृत्व में स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान भरत राजौरिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में सर्वश्री धीरू दांगी, जीतू कमरिया, वीर सिंह यादव, श्रीमती रामलली दांगी, सुश्री क्रांति राय, बल्ले रावत, दिनेश गिरी, भरत राजौरिया, हरगोविन्द पाल सहित अन्य गणमान्यजन, जनप्रतिनिधि व ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विश्वामित्र शर्मा ने किया।
