भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद प्रभात झा ने आज कहा कि पार्टी सत्ता में अवश्य आ गयी है लेकिन अब इसे समाज के प्रत्येक वर्गों के बीच ले जाने का पार्टी का मुख्य लक्ष्य है। झा ने यहां यूनीवार्ता से कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को अहसास कराना होगा कि यह पार्टी उनकी अपनी है। इसी तरह गरीबों को भी महसूस कराना होगा कि भाजपा उनका ही दल है।
वरिष्ठ पार्टी नेता ने कहा कि इसके लिए नेताओं के साथ ही कार्यकर्ताओं को अथक प्रयास करने होंगे। कार्यकर्ताओं को इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से प्रेरणा लेना होगी जो दिन रात आम लोगों और संगठन के लिए काम करते रहते हैं। भाजपा की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष श्री झा ने कहा कि हमारे दल का लक्ष्य सत्ता प्राप्त करना ही नहीं है। हम समाज में क्रांतिकारी परिवर्तन लाना चाहते हैं और इसके लिए भाजपा संगठन और सरकार दोनों राष्ट्रीय स्तर पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के लिए काम शुरू किया है और प्रत्येक कार्यकर्ता केंद्र की मोदी सरकार के दो वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों के साथ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने का काम कर रहे हैं। झा ने कहा कि जिस तरह मोदी दिन रात देश की तरक्की के लिए काम कर रहे हैं, वैसे ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह संगठन का देश के प्रत्येक जिले में विस्तार के लिए परिश्रम में जुटे हैं। इसलिए ही देश के प्रत्येक जिले में पार्टी का कार्यालय बनाने का निर्णय लेकर इस पर अमल शुरू कर दिया गया है।
एक सवाल के जवाब में झा ने कहा कि वह इस बात से इत्तेफाक नहीं रखते हैं कि भाजपा अपने चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि अभी पार्टी को और ऊंचाई पर जाना है और वह इस दिशा में आगे बढ रही है। उनका दावा है कि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस का प्रभाव समाप्त होता जा रहा है और भाजपा का प्रभाव देश में लगातार बढ रहा है।
एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आतंकवाद और कश्मीर समस्या दोनों के ही प्रति केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार गंभीर हैं और उनके कदम सही दिशा में जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने सख्त भाषा में जता दिया है कि पडोसी देश पाकिस्तान के साथ सिर्फ आतंकवाद के मुद्दे पर ही बात होगी।