भिण्ड । प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि भिण्ड जिले के गोहद के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। कोई भी गरीब भूखा नहीं रहेगा। सभी गरीब परिवारों को चिन्हित कर राशन दिया जाएगा। प्रदेश सरकार हर गरीब को ढूंढ-ढूंढ़कर खाद्यान्न पर्चियाँ देगी और उन्हें एक रूपए प्रतिकिलो की दर से राशन मुहैया करायेगी। इसके लिये आगामी 16 सितम्बर को महाअभियान शुरू होगा। समाज में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक का विकास सरकार का लक्ष्य है। इस दिशा में सरकार पूरी शिद्दत के साथ प्रयासरत है। मुख्यमंत्री चैहान रविवार को भिण्ड जिले के गोहद में आयोजित हुए विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री चैहान ने राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, सहकारिता एवं लोकसेवा प्रवंधन मंत्री अरविंद भदौरिया एवं पूर्व विधायक रणवीर जाटव के साथ लगभग 482 करोड़ रूपए लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि लगभग साढ़े 8 हजार करोड़ की लागत से चम्बल अटल प्रोग्रेस-वे बनकर तैयार होगा। इससे चम्बल क्षेत्र में विकास होगा ओर समृद्धि बढ़ेगी । चैहान ने कहा कि चंबल संभाग के भिण्ड व मुरैना जिले के नौजवान अब सैन्य बलों में केवल सिपाही ही नहीं, अफसर भी बनेंगे। इसके लिये भिण्ड जिले की गोहद तहसील में सैन्य स्कूल खुलने जा रहा है। इस सैन्य स्कूल में पढ़ने के बाद भिण्ड के नौजवान सेना में बड़े अफसर बनकर दुश्मन को करारा जवाब देंगे और भारत माता का मस्तक ऊँचा करेंगे। उन्होंने कहा कि खासतौर पर गोहद व मेहगांव क्षेत्र में सिंचाई सुविधा के विस्तार के लिये आज हमने 228 करोड़ रूपए लागत की माँ रतनगढ़ वृहद सिंचाई परियोजना की सौगात दी है। इस परियोजना के मूर्तरूप लेने के बाद कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। सरकार ने किसान व गरीबों के कल्याण के लिये बनी संबल योजना को फिर से चालू करने का फैसला भी लिया है। इसी तरह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की उच्च शिक्षा में मदद के लिये शुरू की गईं योजनायें भी सरकार ने चालू कर दी हैं। सरकार गरीबों के बच्चों की आईआईटी, आईआईएम व मेडीकल इत्यादि संस्थानों की फीस भरेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। युवाओं के लिए पुलिस की भर्ती होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को परेशान न होना पड़े इसलिए हर घर में नल से जल पहुंचाया जाएगा।
राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान जनहित के कार्य करने वाले एक संवेदनशील जनसेवक हैं। जो हर वर्ग के कल्याण के लिए तत्पर होकर काम कर रहे हैं। प्रदेश सरकार किसान, मजदूर, गरीबों, महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि गोहद क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। आज यहाँ लगभग 482 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर उन्होंने एक सौगात दी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, विद्युत, हर घर में नल से जल पहुँचाना आदि के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की सौगातें देकर क्षेत्र के विकास के लिये नए दरवाजे खोले हैं। आगे भी इसी प्रकार निरंतर विकास के लिए काम किया जाएगा। कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।
पूर्व विधायक गोहद रणवीर जाटव ने स्वागत उदबोधन दिया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि गोहद क्षेत्र के लिये आज गौरवशाली दिन है, जो 482 करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगातें मिली हैं। उन्होंने कहा पिछले तीन माह के भीतर गोहद विधानसभा क्षेत्र में 482 करोड़ रूपए से ज्यादा लागत के विकास कार्य मंजूर हो चुके हैं। रणवीर जाटव ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान, राज्यसभा सांसद सिंधिया गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, सहकारिता मंत्री अरविन्द भदौरिया गोहद क्षेत्र के विकास के लिये तत्पर हैं। इसलिये इस क्षेत्र में विकास की लहर अब थमेगी नहीं।