सिवनी ! बरघाट कस्बे में कल हुई हिंसा के बाद कफ्र्यू के चलते सन्नाटा पसरा हुआ है। यहां तनाव के बाद सोमवार दोपहर कर्फ्यू लगा दिया गया था। सुरक्षा बलों के सख्त पहरे के बीच लोग घरों में कैद हैं। वहीं पुलिस उपद्रवी तत्वों द्वारा सड़कों में फैलाए गए टायरों व क्षतिग्रस्त वाहनों को एकत्रित करने में जुटी है। पुलिस ने कुछ स्थानों से लाठियां और तलवारें भी बरामद की है। प्रमुख क्षेत्र में सुरक्षा बलों की चौकसी बनी हुई है।
समीक्षा के बाद दी जायेगी ढील
सिवनी कलेक्टर भरत यादव ने कहा कि बरघाट की परिस्थितियों की उच्च स्तर पर समीक्षा की जा रही है। स्थिति के आंकलन के बाद ही कफ्र्यू में ढील दी जाएगी। कफ्र्यू के बाद स्थिति पूरी तरह जिला प्रशासन के काबू में है। कलेक्टर ने आम नागरिकों को अफवाहों से दूर रहने और शांति, संयम बनाये रखने की अपील की है। प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटने की चेतावनी दी है।
कोई अप्रिय घटना नहीं
सिवनी एसपी आरपी सिंह ने कहा कि कर्फ्यू के बाद से क्षेत्र में कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई है। और पूरी तरह शांति बनी हुई है। आसपास के जिलों से बुलाया गया सुरक्षा बल की पर्याप्त संख्या में तैनाती की गई है।
आयुक्तऔर आईजी ने किया दौरा
छिंदवाड़ा रेंज डीआईजी आरपी सिंह ने बताया कि आज जबलपुर जोन आईजी डी. निवास राव व संभागायुक्त गुलशन बामरा सिवनी पहुंचे। इन अधिकारियों ने तनावग्रस्त बरघाट का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया, कि वे परिस्थितियों का जायजा ले रहे हैं। सिवनी शहर में स्थिति सामान्य बनी हुई है, जिस पर भी वे नजर बनाये हुए हैं।
भाजपा नेता का अंतिम संस्कार
4 अक्टूबर को नागपुर में इलाज के दौरान नागपुर में मृत हुए भाजपा नेता कपूरचंद ठाकरे 45 वर्ष का शव 5 अक्टूबर को उनके गृह ग्राम लोहारा लाया गया। यहां पुलिस बल की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार हुआ। मृत भाजपा नेता की अंतिम यात्रा में क्षेत्रीय भाजपा विधायक कमल मर्सकोले सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि व स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *