नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि अब 1 मई से 18 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों को कोरोना का टीका लगवा सकेंगे। पीएम ने देश के शीर्ष डॉक्टरों के साथ चर्चा करने के बाद यह फैसला लिया। वैसे दिल्ली, पंजाब और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के मुख्यमंत्रियों की ओर से युवाओं को भी टीका लगाए जाने की मांग पहेल ही की जा चुकी है।
इस मीटिंग में यह फैसला भी हुआ कि वैक्सीन बनाने वाली कंपनियां कुल उत्पादन का 50 फीसदी हिस्सा खुले बाजार में बेच सकेंगी,जबकि आधी वैक्सीन राज्य सरकारों को देंगी। बाजार में बेची जाने वाली वैक्सीन पहले से तय कीमत पर बेची जाएगी। राज्य सरकारों को यह छूट भी दी गई है कि वो अपनी जरूरत के हिसाब से खरीदी भी कर सकती हैं।
इस फैसले के पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर वैक्सीनेशन को लेकर कई सुझाव दिए थे। इसके साथ ही 17 अप्रैल को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग में सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार को टीकाकरण के लिए अपनी प्राथमिकता पर पुनर्विचार करने की मांग की थी और टीकाकरण की उम्र घटाकर 25 करने को कहा था।
