आज की तेज रफ्तार जिंदगी में काम का बढ़ता दबाव और लंबे समय तक मोबाइल या लैपटॉप पर रहने की आदत शरीर के साथ-साथ दिमाग को भी थका देती है। ऐसे में शवासन योग का एक बेहद आसान और प्रभावी आसन माना जाता है। यह शरीर को आराम देने, थकान कम करने और मन को शांत रखने में मदद कर सकता है।
शवासन एक विश्राम मुद्रा है, जिसमें पीठ के बल लेटकर शरीर को पूरी तरह ढीला छोड़ दिया जाता है। इसका नाम ‘शव’ शब्द से लिया गया है, जिसका अर्थ मृत शरीर होता है। देखने में यह आसन काफी सरल लगता है, लेकिन इस दौरान शरीर को स्थिर रखते हुए मन को शांत और जागरूक बनाए रखना इसे चुनौतीपूर्ण बना देता है।
शवासन का उद्देश्य केवल कुछ देर आराम करना नहीं है, बल्कि शरीर और मन को गहरी विश्रांति देना भी है। आयुष मंत्रालय के अनुसार, शवासन का अभ्यास तनाव और चिंता को कम करने में सहायक हो सकता है। इसके साथ ही यह नींद की गुणवत्ता बेहतर करने और अनिद्रा जैसी परेशानियों में राहत देने में भी मददगार माना जाता है।
इस आसन के अन्य फायदों की बात करें तो शवासन ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने और हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में सहायक हो सकता है। यह मस्तिष्क को शांत करने और एकाग्रता बढ़ाने में भी मदद करता है। नियमित अभ्यास से मांसपेशियों का तनाव कम हो सकता है और शरीर को गहरी राहत मिलने के साथ ताजगी महसूस हो सकती है।
शवासन को नियमित रूप से करने से शारीरिक आराम के साथ मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिल सकती है। यह तंत्रिका तंत्र को आराम देने वाला सरल योगासन है। खासकर व्यस्त दिनचर्या में काम के तनाव और मानसिक थकान को कम करने के लिए इसका अभ्यास उपयोगी माना जाता है।
हालांकि, शवासन करते समय कुछ सावधानियां रखना भी जरूरी है। इसका मकसद सोना नहीं बल्कि जागरूक रहते हुए शरीर और मन को आराम देना है, इसलिए अभ्यास के दौरान नींद में जाने से बचना चाहिए। गर्भवती महिलाओं या कमर दर्द से परेशान लोगों को इसे करने से पहले योग विशेषज्ञ या डॉक्टर की सलाह लेना उचित रहेगा।
