ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज संभाग के चार विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के साथ जनता के लिए सौगातों की झड़ी लगा दी। अंचल में अपने दौरे के दूसरे दिन आज वह शिवपुरी जिले की पौहरी व करैरा विधानसभा में और ग्वालियर जिले की डबरा व ग्वालियर विधानसभा में 738 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण कर रहे हैं। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सहायता भी वितरित की रही हैं।
इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी से अंचल की राजनीति में नए समीकरणों का आगाज होने जा रहा है। सूबे की राजनीति के यह तीनों दिग्गज आज सबसे पहले शिवपुरी जिले के पौहरी में पहुंचकर 278.23 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमिपूजन और 9.57 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण कर रहे हैं। इसके बाद करैरा में 60.41 करोड़ की विकास योजनाओं का भूमिपूजन एवं 134.59 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण करने वाले हैं। यहां से ग्वालियर जिले के डबरा में 72.30 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन एवं 76.52 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन होना है। इसी क्रम में शाम 6 बजे ग्वालियर विधानसभा में इंटक मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में 84.66 करोड़ रु. के कार्यों का भूमिपूजन और 20.17 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
गौरतबल है कि सीएम शिवराज सिंह 10 सितम्बर से चार दिन तक ग्वालियर-चंबल अंचल के दौरे पर हैं। इस दौरान वह 13 विधानसभाओं में 2400 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन-शिलान्यास एवं लोकार्पण करने वाले हैं। दौर के पहले दिन विगत रोज 10 सितंबर को वह मुरैना जिले के दिमनी, अंबाह और भिण्ड के मेंहगांव में 387 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकर्पण कर चुके हैं। इसी क्रम में आज पोहरी, करैरा, डबरा और ग्वालियर में 738 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात का पिटारा लेकर पहुंचे हैं। वहीं 12 सितंबर को मुरैना, जौरा व सुमावली सहित ग्वालियर पूर्व में विकास कार्यों एवं जनहितैषी योजनाओं की सौगातें लेकर पहुंचेंगे। दौरे के अंतिम दिन 13 सितंबर को गोहद और भांडेर में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
पोहरी में 278.23 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 9.57 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण।
करैरा में 60.41 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन एवं 134.59 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण।
डबरा में 72.30 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन व 76.52 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण।
ग्वालियर में 84.66 करोड़ रु. के कार्यों का भूमिपूजन व 20.17 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण।