सतना। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में चित्रकूट के ग्रामोदय विश्वविद्यालय सभागार में श्रीरामचंद्र पथ गमन न्यास की पहली बैठक संपन्न हुई जिसमें तय किया गया है कि चित्रकूट का अयोध्या की तरह किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा है कि चित्रकूट सहित श्री राम वन पथ गमन मार्ग के सभी प्रमुख स्थलों का विकास किया जाएगा। इसके लिये पूरी कार्य योजना बनाकर उसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जायेगा। इसमें अधोसंरचना विकास के कार्यों के साथ-साथ धार्मिक चेतना, आध्यात्मिक विकास और राम कथा से जुड़े आयामों को भी शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा है कि चित्रकूट का अयोध्या की तरह विकास करके इसे भगवान श्री राम के जीवन से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल बनाया जाएगा। इसके लिए विद्वानों के परामर्श से श्री राम वन पथ गमन के प्रमुख स्थलों का विकास किया जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि चित्रकूट के दीवाली मेले तथा अमावस्या मेले में श्री रामकथा और भगवान श्री राम के जीवन से जुड़ी प्रदर्शनी एवं राम वन पथ गमन से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित कराए। इनका व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित करें।
माता शबरी के झूठे बैर खाकर मानवता को धन्य किया- मुख्यमंत्री
्रमुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को कहा कि सतना जिले के चित्रकूट की इस धरती पर भगवान श्रीराम ने वनवास के दौरान 11 वर्षों तक निवास किया। वनवासियों को गले लगाया और माता शबरी के जूठे बेर खाकर मानवता को धन्य किया। उन्होंने कहा कि यह आचरण केवल सनातन धर्म में ही मिलता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय चित्रकूट, सतना और अयोध्या के लिये अलौकिक और अद्वितीय है। मौका था मंगलवार को सतना जिले के मझगवां विकासखंड के दूरस्थ आदिवासी बाहुल्य गांव पटनाखुर्द में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का जहां वे जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां 22 जनवरी को भगवान श्रीरामलला अपनी जन्मभूमि में विराजमान होने वाले हैं और यह पवित्र कार्य देश के प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अवसर है कि सभी अपने घरों में 22 जनवरी को दीपावली मनाकर अपने उल्लास और उत्साह को आत्मसात कर जीवन को धन्य बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में हितग्राहियों को सांकेतिक रुप से हितलाभ वितरित किए। उन्होंने शासान की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को शासन की और से दी जानेवाली राशि के चैक वितरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्र को कृष्णा पांडेय और क्षेत्रीय किसानों ने हल भेंट किया। मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह के रुप में राम दरबार की प्रतिकृति मूर्ति और महिला स्व-सहायता समूह द्वारा बनाये गए चित्र तथा उत्पाद भेंट किए। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोक नर्तकों ने लोक नृत्य करमा से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
51 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सतना जिले के मझगवां विकासखंड के पटनाखुर्द में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा में जिले के लगभग 51 करोड़ रुपए लागत के 38 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें सतना जिले के 28 करोड़ 10 लाख रुपए लागत के 24 नवनिर्मित विकास कार्यों का लोकार्पण और 22 करोड़ 74 लाख रुपए लागत के 14 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया।