एक बात हमेशा से ही सुनने को मिलती है कि प्यार कब, किससे और कैसे हो जाए, यह कोई नहीं जानता। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक ऐसी हैरान कर देने वाली प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। यह कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी लगती है, लेकिन यह हकीकत है। यहां एक 55 साल के अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने जिस लड़की से अपने बेटे की शादी तय करवाई थी, उसी से खुद निकाह कर लिया। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
रिश्ता बेटे का, दिल आया पिता का
आपको बता दें कि यह मामला रामपुर जिले के थाना भोट क्षेत्र के एक गांव का है। यहां एक व्यक्ति ने अपने बेटे का रिश्ता एक साल पहले अजीमनगर थाना क्षेत्र की एक लड़की से तय किया था। शादी की तारीख भी एक महीने बाद की तय हो गई थी। रिश्ता पक्का होने के बाद लड़के के पिता का अक्सर लड़की के घर आना-जाना लगा रहता था। परिजनों को यह बिल्कुल अंदाज़ा नहीं था कि पिता ही बेटे की मंगेतर पर दिल हार बैठा है। ये चुपचाप चल रहा रिश्ता एक दिन सबको चौंका देगा, किसी ने सोचा भी नहीं था।
डॉक्टर दिखाने के बहाने ले गया था ससुर
दरअसल, करीब आठ दिन पहले, युवक के पिता कार लेकर लड़की के मायके पहुंचा और कहा कि लड़की कमजोर है, डॉक्टर को दिखाने ले जा रहा हूं। पहले तो परिवार को शक नहीं हुआ, लेकिन शाम तक जब दोनों वापस नहीं लौटे, तो परिवार वालों ने युवक के पिता को फोन किया। उसने बहाना बनाया कि लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो दिन तक भी दोनों वापस नहीं आए और फिर पिता ने टाल-मटोल शुरू कर दी।
जब ससुर ही बन गया दूल्हा, मचा घमासान
वहीं जब करीब आठ दिन बाद पिता खुद अपनी बहू बने लड़की के साथ निकाह करके घर लौटा। घर में उसे इस रूप में देखकर सभी हक्का-बक्का रह गए। फिर जो हुआ, उसने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया। बेटे और पिता के बीच जमकर लात-घूंसे चले, वहीं लड़की की अपनी होने वाली सास यानी अब पति की पत्नी से जोरदार झड़प हुई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पिता और पुत्र एक-दूसरे की जान लेने पर उतारू हो गए।
पंचायत बैठी और फैसला सुनाया
हालांकि, गांववालों ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद गांव में पंचायत बैठाई गई, जिसमें बेटे और पत्नी ने एक सुर में कहा कि वे दोनों इस जोड़े को अब इस घर में नहीं रहने देंगे। तेवर देखकर पिता अपनी नई दुल्हन के साथ घर छोड़कर चला गया। दोनों अब शहजादनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने लगे हैं।
इलाके में चर्चा का विषय बनी यह शादी
यह अनोखा निकाह अब पूरे रामपुर जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। गांव से लेकर शहर तक, लोग हैरान हैं कि आखिर कोई पिता ऐसा कैसे कर सकता है? वहीं लड़की के परिवार की आर्थिक हालत कमजोर होने के चलते उन्होंने इस मामले में चुप्पी साध रखी है। इस नवविवाहित जोड़े को अब समाज या रिश्तेदारों की परवाह नहीं है। उन्होंने प्यार को चुना, भले ही इसके लिए घर, रिश्ते और समाज से दूरी बनानी पड़ी। यह घटना हमें यह भी दिखाती है कि कभी-कभी प्यार सामाजिक दायरे को तोड़कर सामने आता है, और फिर न रिश्ते देखता है, न उम्र।
