अब अगर आप नई कार या बाइक खरीदने का सोच रहे हैं, तो यह इतना आसान नहीं होगा। अब आपको यह साबित करना होगा कि आपके पास उस गाड़ी को पार्क करने की जगह है या नहीं। महाराष्ट्र सरकार एक नई नीति लेकर आ रही है, जिसके तहत गाड़ी खरीदने से पहले पार्किंग स्पेस का प्रमाणपत्र देना अनिवार्य होगा। आइए जातने है इस खबर को विस्तार से…
क्या है सरकार की नई योजना ?
आपको बता दें कि महाराष्ट्र सरकार की प्रस्तावित नीति के अनुसार, अगर आप नई गाड़ी खरीदना चाहते हैं, तो आपको पहले यह दिखाना होगा कि आपके पास पार्किंग की वैध जगह है। यदि ऐसा नहीं हुआ या आप इसका कोई सबूत नहीं दे पाए, तो आपको गाड़ी खरीदने की अनुमति नहीं दी जाएगी। शुरुआत में यह नियम मुंबई, पुणे, ठाणे और नागपुर जैसे बड़े शहरों में लागू होगा। ग्रामीण क्षेत्रों और कुछ कमर्शियल वाहनों को इस नियम से छूट मिल सकती है।
क्या होगा पार्किंग सर्टिफिकेट का रोल?
राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने जानकारी दी है कि वाहन खरीदने से पहले ग्राहक को स्थानीय नगर निगम या अन्य संबंधित प्राधिकरण से प्रमाणित पार्किंग स्पेस का सर्टिफिकेट लेना होगा। यह सर्टिफिकेट यह साबित करेगा कि वाहन खरीदार के पास गाड़ी खड़ी करने के लिए पर्याप्त जगह मौजूद है।
सर्टिफिकेट के बिना नहीं होगा गाड़ी का रजिस्ट्रेशन
यदि आपके पास पार्किंग सर्टिफिकेट नहीं है, तो आप नई गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाएंगे। मतलब यह कि आपके नाम से वाहन पंजीकृत नहीं होगा और आप उसे कानूनी रूप से सड़क पर नहीं चला सकेंगे। यह नियम विशेष रूप से उन शहरों में लागू किया जा रहा है जहां पार्किंग की समस्या सबसे ज्यादा है।
मुंबई जैसे शहरों पर पड़ेगा सीधा असर
मुंबई जैसे महानगरों में पहले से ही पार्किंग स्पेस की भारी कमी है। ऐसे में यह नियम वहां के निवासियों के लिए एक नई चुनौती बन सकता है। इससे गाड़ी खरीदने वाले लोगों की संख्या में गिरावट आ सकती है और वाहन डीलरों की बिक्री भी प्रभावित हो सकती है।
ट्रैफिक और अतिक्रमण कम करना
इस नियम के पीछे सरकार का उद्देश्य शहरी इलाकों में ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण की समस्या को कम करना है। अक्सर देखने में आता है कि लोग बिना पार्किंग की व्यवस्था किए ही गाड़ी खरीद लेते हैं और फिर उसे सड़कों, फुटपाथों या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खड़ा कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक में रुकावट आती है।
वाहन खरीदने से पहले करें पूरी तैयारी
अब महाराष्ट्र में वाहन खरीदने से पहले यह जरूरी हो गया है कि आप अपनी पार्किंग व्यवस्था पक्की कर लें। बिना पार्किंग सर्टिफिकेट के गाड़ी खरीदना और उसका रजिस्ट्रेशन कराना मुमकिन नहीं होगा। यदि आप मुंबई या अन्य भीड़भाड़ वाले शहर में रहते हैं, तो यह नियम आपकी योजना को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में समझदारी यही होगी कि आप पहले से ही इस नियम की जानकारी लेकर अपनी तैयारी पूरी करें।
