भिंड। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में शनिवार की देर रात्रि को एक बेकाबू ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे दंपत्ति की मौत हो गई और उनके तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा रात करीब साढ़े 11 बजे नेशनल हाईवे क्रमांक 719 पर भिण्ड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र के खेरिया बाग के पास हुआ। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। मेहगांव थाना प्रभारी महेश शर्मा ने बताया कि सिरसी थाना क्षेत्र निवासी उमेश राजावत अपनी पत्नी यशोदा राजावत और तीन बच्चों के साथ ऑटो में सवार होकर मेहगांव की ओर जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान ग्वालियर की ओर से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। शर्मा ने बताया कि हादसे में उमेश और यशोदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके तीन बच्चे कान्हा राजावत (14), शिवा राजावत (12) और बिट्टू (4) गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायलों को तत्काल मेहगांव उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।