मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसमें एक पोते ने अपनी बीमार दादी को कूड़े के ढेर में फेंक दिया और खुद फरार हो गया। यह घटना शनिवार सुबह की है।

पुलिस को मिली सूचना
मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक बुजुर्ग महिला गुलाबी रंग के कपड़े पहने हुए कूड़े के ढेर में पड़ी हुई है। सूचना मिलने के तुरंत बाद, पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि महिला के नाक पर चोट के निशान थे। महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

महिला स्किन कैंसर से पीड़ित
प्राथमिक पूछताछ में महिला ने बताया कि वह मलाड इलाके में अपने पोते के साथ रहती थी। महिला की उम्र करीब 60 साल है और डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में बताया कि महिला संभवतः स्किन कैंसर से पीड़ित है। हालांकि, बीमारी की पुष्टि उसके मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।

मां-बाप को बेटों ने पीटा, घर से निकाला
इस बीच, एक और दुखद खबर पालघर जिले से आई है, जहां 75 साल के एक बुजुर्ग दंपति को उनके ही बेटों ने पीटा और घर से बाहर निकाल दिया। पुलिस ने बताया कि बुजुर्गों के खिलाफ उनके दो बेटों और उनकी पत्नियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दंपति को 16 जून को वसई के पाटिल अली इलाके में उनके घर से निकाल दिया गया था। इस मामले में पुलिस अभी जांच कर रही है और कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। बुजुर्ग दंपति के पास अब कोई ठिकाना नहीं था, लेकिन एक स्थानीय एनजीओ के स्वयंसेवक ने उन्हें अस्थायी आश्रय प्रदान किया। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।