लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। शहर के नक्खास इलाके में एक फ्लैट से कपड़ा व्यापारी, उनकी पत्नी और बेटी की लाशें मिलीं। यह खबर सुनते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई है। वहीं, मरने वालों की पहचान शोभित रस्तोगी (कपड़ा व्यापारी), उनकी पत्नी सुचिता रस्तोगी और 16 साल की बेटी ख्याति रस्तोगी के रूप में हुई है। ये तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे। पुलिस को फ्लैट से एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें आत्महत्या की वजह बताई गई है।
आर्थिक तंगी और भारी कर्ज बना वजह
सुसाइड नोट में लिखा है कि परिवार काफी समय से पैसों की तंगी और कर्ज के बोझ से परेशान था। शोभित की राजाजीपुरम में कपड़े की दुकान थी, लेकिन व्यापार में घाटा होने के कारण वह लोन ले बैठे। लोन की किश्तें समय पर नहीं चुका पाने की वजह से मानसिक तनाव बहुत बढ़ गया था।
कहां हुई घटना?
यह पूरी घटना चौक थाना क्षेत्र के अशरफाबाद इलाके की है। सुबह-सुबह जब शोभित के छोटे भाई शेखर रस्तोगी ने उन्हें कई बार कॉल किया और जवाब नहीं मिला, तो वह फ्लैट पर पहुंचे। वहाँ शोभित, उनकी पत्नी और बेटी बेहोश हालत में पड़े थे।
पुलिस को कैसे जानकारी मिली?
शोभित की बेटी ख्याति ने आत्महत्या से कुछ समय पहले अपने चाचा शेखर को फोन किया और बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है। यह सुनते ही शेखर घबरा गए और तुरंत पुलिस को खबर दी। लेकिन जब तक पुलिस और परिवार वाले फ्लैट तक पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तीनों को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पड़ोसियों ने क्या बताया?
पड़ोसियों ने बताया कि शोभित अपनी दुकान में नुकसान और बढ़ते कर्ज को लेकर काफी समय से परेशान थे। उन्होंने कई बार आस-पड़ोस के लोगों से अपने हालात का जिक्र भी किया था। उनकी पत्नी सुचिता हाउसवाइफ थीं और बेटी ख्याति 11वीं कक्षा में पढ़ती थी।
