नई दिल्ली । आजकल के बिज़ी लाइफस्टाइल की वजह से अक्सर लोग छोटी-छोटी शारीरिक समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन कई बार यही मामूली लक्षण किसी बड़ी बीमारी की शुरुआत हो सकते हैं। ऐसा ही एक लक्षण है रात में बिना किसी कारण पसीना आना। अगर आप भी रात में अचानक पसीने में भीग जाते हैं और इसकी कोई ठोस वजह समझ नहीं आती, तो हो सकता है यह विटामिन B12 की कमी की तरफ इशारा कर रहा हो।
-क्यों जरूरी है विटामिन B12?
विटामिन B12 हमारे शरीर के सही तरीके से काम करने के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व है। यह लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण, न्यूरोलॉजिकल फंक्शन और DNA सिंथेसिस में अहम भूमिका निभाता है। इसकी कमी से ना सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
-नजरअंदाज करने की भूल न करें
अगर समय रहते विटामिन B12 की कमी को नहीं पहचाना गया, तो इससे मेगालोब्लास्टिक एनीमिया, न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर, और मानसिक बीमारियां हो सकती हैं। लंबे समय तक बनी रहने वाली कमी आपकी हड्डियों और मांसपेशियों को भी नुकसान पहुंचा सकती है।
-विटामिन B12 की कमी के अन्य लक्षण
हाथ-पैर में झनझनाहट या सुन्नता
थकान या कमजोरी
मूड में चिड़चिड़ापन या अवसाद
याददाश्त में कमी
मुंह या जीभ में जलन
सांस फूलना या दिल की धड़कन तेज होना
इन लक्षणों में से किसी एक का लगातार बने रहना शरीर में B12 की कमी का साफ संकेत हो सकता है।
-रात में पसीना आना क्यों है खास संकेत?
जब शरीर में विटामिन B12 की मात्रा कम हो जाती है, तो नर्वस सिस्टम पर असर पड़ता है। इससे शरीर के तापमान नियंत्रण की क्षमता प्रभावित होती है, जो रात में अत्यधिक पसीना आने का कारण बन सकती है। यह लक्षण आमतौर पर लोग थकावट या गर्मी की वजह से मान लेते हैं, लेकिन अगर यह आदत बन जाए, तो चिकित्सकीय जांच जरूरी है।
-कैसे करें विटामिन B12 की कमी को दूर?
डाइट में शामिल करें ये खाद्य पदार्थ:
दूध, दही, पनीर जैसे डेयरी उत्पाद
नॉनवेज खाने वालों के लिए: मछली, चिकन और रेड मीट
शाकाहारियों के लिए विकल्प:
शुद्ध शाकाहारी लोगों को फोर्टिफाइड फूड्स जैसे B12 युक्त अनाज और सप्लीमेंट्स लेने की सलाह दी जाती है। डॉक्टर की सलाह से B12 इंजेक्शन भी लगवाए जा सकते हैं।
