उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपने ही दोस्त को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शव को कार में जला डाला। यूट्यूब देख आरोपी ने साजिश रची, जिसमें उसकी पत्नी भी शामिल थी। पुलिस जांच में दोनों का भेद खुल गया। आरोपी 45 लाख रुपये का कर्जदार था, उसने 2 करोड़ का बीमा हड़पने के लिए पूरी साजिश रची।
इसके बाद आरोपी ने खुद की मौत की झूठी खबर फैला दी। वहीं, पत्नी ने कार में मिले शव का अंतिम संस्कार भी कर डाला। पुलिस को यही युवक रीवां के आनंदपुर गांव में जिंदा मिला, जो अपने साढ़ू के घर छिपा था। इसके बाद दोनों का भेद खुल गया। आरोपी पति-पत्नी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार राजापुर थाना क्षेत्र के सिकरी अमान के पास एक कार में 29/30 जून की रात जला शव मिला था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद आनंदपुर गांव में एक घर में रेड की गई। यहां पुलिस को मध्य प्रदेश के रीवा जिले के थाना जवा कनपुरा का रहने वाला सुनील सिंह पटेल और उसकी पत्नी हेमा सिंह जिंदा मिले।
45 लाख का लिया था लोन
पूछताछ में दोनों ने ब्यूटी पार्लर के लिए 45 लाख का लोन लेने की बात कबूली। इसके बाद हार्वेस्टर लेकर इसका 2 करोड़ का इंश्योरेंस करवाया था। दोनों को किस्तें चुकाने के लाले पड़ रहे थे। इसके बाद दोनों ने यूट्यूब देख साजिश रची।
पत्नी ने कर दिया संस्कार
इसके बाद सुनील ने विनय चौहान नामक युवक को अपना दोस्त बना लिया और उसे कार में बैठाकर शराब पिलाकर बेसुध कर दिया। बाद में कार को आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। बाद में खुद की मौत की झूठी खबर फैला दी और पत्नी ने कार में मिले शव का संस्कार कर दिया।
शक होने पर पुलिस ने जांच की तो आरोपी जिंदा मिल गया। पुलिस ने मृतक के भाई विकास का DNA सैंपल लिया है। आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपनी कद-काठी के युवक से दोस्ती की थी। तय साजिश के तहत ही उसने हत्याकांड को अंजाम दिया।
