कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया। जहां, एक युवक अपनी साली से शादी करने की जिद पर इतना अड़ गया कि उसने शोले फिल्म का मशहूर सीन दोहरा दिया। शादी की इजाजत न मिलने पर वह चुपके से 33 हजार वोल्ट बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया और वहीं से अपनी जिद मनवाने लगा। आइये जानते हैं इसे विस्तार से…
7 घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा
युवक के टावर पर चढ़ने के बाद गांव और आस-पास में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस और बिजली विभाग के अफसर भी पहुँच गए और उसे नीचे उतारने की कोशिश करने लगे। करीब 7 घंटे तक चला ये हाई वोल्टेज ड्रामा। आखिरकार परिवार ने उसे साली से शादी कराने का भरोसा दिया, तब जाकर वह शाम करीब 4 बजे नीचे उतरा।
सालियों के प्यार में पागल हो…
कन्नौज के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर गांव का रहने वाला युवक राज सक्सेना अपनी सालियों के प्यार में पागल हो गया था। पहली शादी के बाद ही उसे अपनी दूसरी साली से प्यार हो गया। जिद करके उसने उससे शादी भी कर ली। इस वजह से पहली पत्नी उसे छोड़कर चली गई। अब राज का दिल अपनी तीसरी साली पर आ गया और वह शादी की जिद करने लगा।
पत्नी से हुई बहस के बाद चढ़ा टावर पर
राज ने बताया कि उसकी तीसरी साली भी उसे पसंद करती है। जब उसने ये बात अपनी पत्नी को बताई तो पत्नी भड़क गई और साफ कह दिया कि किसी भी हालत में वह अपनी बहन की शादी राज से नहीं होने देगी। पत्नी का ये जवाब सुनकर राज गुस्से और जिद में आकर सीधे बिजली के टावर पर चढ़ गया। वहां से वह धर्मेंद्र की तरह शोले फिल्म के डायलॉग चिल्लाता रहा।
भीड़ और पुलिस बेबस रही
गांव के लोग और पुलिस बार-बार उसे समझाते रहे लेकिन वह टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। लोग तमाशबीन बनकर जमा हो गए और नज़ारा देखने लगे।
परिवार ने मान ली शर्त, तब उतरा
आखिरकार जब परिवार वालों ने उसे यह कहकर आश्वासन दिया कि उसकी साली से शादी करा देंगे, तब जाकर वह मान गया। नीचे उतरने के बाद राज खुशी से झूम उठा और बोला कि अब वह अपनी पत्नी और साली, दोनों के साथ मिलकर जिंदगी गुजारेगा।
