भिण्ड। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के फूप में कंटेनर ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। बाइक सवार दंपती, उनके दो बच्चे और एक अन्य की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कंटेनर घटनास्थल से कुछ ही दूर पर खड़ा मिला।
हादसा आज सुबह फूप इलाके में ग्वालियर-इटावा नेशनल हाईवे-719 पर टेढ़ा की पुलिया के पास हुआ। एक पूरा परिवार खत्म हो गया। भिण्ड के रहने वाले एक गोताखोर की भी जान चली गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार भिण्ड शहर के गोरी तालाब के रहने वाले गोताखोर भोला खान अपनी बाइक से बेटी को लेने उत्तरप्रदेश के इटावा जा रहा था। इसी दौरान सौरा गांव निवासी सुनील बघेल (35), पत्नी सुनीता (32), बेटा छोटे (5) और बेटी अंशु (15) को बाइक पर लेकर रिश्तेदार के घर नवदुर्गा पूजन के लिए जा रहा था। तभी एक अज्ञात वाहन ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। यहां से गुजर रहे लोगों ने बताया कि हादसे के बाद सभी बाइक सवारों की मौके पर मौत हो गई थी। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। शवों को भिण्ड जिला अस्पताल भेजा गया। फूप पुलिस कंटेनर ड्राइवर की तलाश कर रही है।
