मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिला अस्पताल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सर्जिकल वार्ड में भर्ती एक मरीज देवेंद्र यादव का वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें वह अस्पताल के बेड पर हाथ में ड्रिप लगी होने के बावजूद शराब पीता नजर आ रहा है। यह घटना गुरुवार रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। वीडियो अस्पताल की ही एक नर्सिंग ऑफिसर गायत्री चौधरी ने बनाया था। जब वे वार्ड में पहुंचीं तो मरीज अपने रिश्तेदारों के साथ बेड पर बैठकर गिलास में शराब पी रहे थे।

नर्स ने लगाई फटकार

वीडियो में देखा जा सकता है कि नर्स गायत्री चौधरी ने मरीज और उसके रिश्तेदारों को जमकर डांट लगाई। उन्होंने कहा, “हम लोग यहां मरीजों को ठीक करने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं और आप लोग अस्पताल में बैठकर शराब पी रहे हैं। यह जगह मंदिर जैसी है जहां लोग ठीक होकर जाते हैं। ऐसी हरकत यहां नहीं चलेगी।” नर्स के डांटने पर मरीज के रिश्तेदारों ने पहले सफाई देने की कोशिश की, लेकिन बाद में माफी मांगते हुए नजर आए।

वीडियो हुआ वायरल, जांच शुरू

यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल,अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की बात कही है।