यूपी के मथुरा में 7 नवंबर को एक शादी में खूब हंगामा हुआ। मामला सुरीर इलाके का है। बारात सहपऊ के एक गांव से आई थी। शादी के दौरान जूता चोरी की रस्म चल रही थी, तभी दूल्हा अचानक गुस्से में आ गया।

दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया

दूल्हे के खराब व्यवहार और गुस्से को देखकर दुल्हन ने तुरंत शादी करने से मना कर दिया। दुल्हन के परिवार ने पहले दूल्हा पक्ष को मनाने की कोशिश की, लेकिन दूल्हा और उसके रिश्तेदार शांत नहीं हुए।

वरमाला और अंगूठी उतारकर फेंक दी

दूल्हे का गुस्सा इतना बढ़ा कि उसने वरमाला और अंगूठी उतारकर फेंक दी और बिना जूते-चप्पल पहने ही घर लौट गया। इस पर दुल्हन पक्ष भी नाराज हो गया और अपनी बेटी का समर्थन करते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया।

दोनों पक्षों ने समझौता किया

मामले को संभालने के लिए दोनों पक्षों के कुछ समझदार लोगों ने बीच-बचाव किया। लंबे समय तक चले हंगामे और बहस के बाद, दोनों पक्षों ने समझौता किया। समझौते के अनुसार दूल्हा पक्ष ने दुल्हन पक्ष को शादी का पूरा खर्चा चुकाया। इसके बाद मामला शांत हुआ और दूल्हा बैरंग वापस चला गया।