मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में आज सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। बता दें कि रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर
कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानें कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा सिरोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्वालियर–झांसी हाईवे पर स्थित मालवा कॉलेज के पास हुआ। सुबह करीब 6:30 बजे डबरा की ओर से आ रही फॉर्च्यूनर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और भीतर बैठे सभी पांच युवक मौके पर ही दम तोड़ बैठे।
पुलिस का बयान
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची। ग्वालियर CSP हिना खान ने बताया, “आज सुबह 6-6:30 बजे कंट्रोल रूम को हाईवे पर मालवा कॉलेज के सामने एक हादसे की सूचना मिली, जिसमें एक कार और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पुष्टि की कि कार में पांच लोग सवार थे। फ़िलहाल, कोई भी जीवित नहीं मिला है… वे लोग डबरा से आ रहे थे और ये पांचों दोस्त थे। हमने उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए ज़िला अस्पताल भेज दिया है।”
देशभर में हर दिन सड़क दुर्घटनाओं का आंकड़ा चिंताजनक रूप से बढ़ रहा है। तेज रफ्तार, वाहन पर नियंत्रण खोना और यातायात नियमों की अनदेखी इसके प्रमुख कारण माने जाते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे में बदल सकती है और कई परिवारों को तबाह कर देती है।
सावधानी ही सुरक्षा
अगर आप वाहन लेकर सड़क पर निकलते हैं तो गति सीमा का पालन करें, सड़क पर ध्यान दें और यातायात नियमों का सम्मान करें। किसी भी नियम की अनदेखी आपकी और दूसरों की जान को खतरे में डाल सकती है।
