रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म करने के बाद फरार चल रहे आरोपी सलमान को पुलिस ने गुरुवार देर रात गांधी नगर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर कई दिनों से हिंदू संगठन लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। गिरफ्तार करने के बाद गांधी नगर पुलिस ने आरोपी को तुरंत गौहरगंज पुलिस के हवाले कर दिया।

कैसे पकड़ा गया सलमान?

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी सलमान ने बताया कि वारदात के बाद वह जंगल के रास्ते होते हुए भोपाल पहुंच गया था। वह गांधी नगर के वार्ड-11 में किराए का कमरा ढूंढ रहा था। पुलिस को उसकी लोकेशन की जानकारी मिली और उसी क्षेत्र से उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही कुछ लोग गांधी नगर थाने भी पहुंचे, लेकिन पुलिस आरोपी को पहले ही रायसेन जिले के गौहरगंज थाने ले जाने के लिए रवाना हो चुकी थी।

घटना का पूरा मामला

21 नवंबर को 23 वर्षीय सलमान ने छह साल की मासूम को चॉकलेट का लालच देकर जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया। बच्ची रोते हुए स्थानीय लोगों और परिजनों को मिली, जिसके बाद उसे तुरंत भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत अब धीरे-धीरे बेहतर हो रही है। आरोपी के फरार होने पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज की और 30 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।

प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई

इस गंभीर मामले को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की थी। उन्होंने पुलिस की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की और रायसेन एसपी पंकज कुमार पांडे को हटाकर मुख्यालय में अटैच कर दिया। उनकी जगह आशुतोष गुप्ता को नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इस घटना से पूरे रायसेन जिले में आक्रोश है और लोग आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में तेजी से काम कर रही है।