मुंबई। जिंदा रहते हुए तो लोग प्यार निभा नहीं पाते, मरने के बाद भला क्या निभाएंगे। लेकिन महाराष्ट्र के नांदेड़ (Nanded MH) में एक लड़की ने ऐसा कर दिखाया है। वह भी अपने घरवालों के विरोध के बावजूद। असल में लड़की का प्रेमी दूसरी जाति का था। इसलिए घरवाले उसकी शादी का विरोध कर रहे थे। इसके बावजूद लड़की अपने प्रेमी से शादी करने पर अड़ी हुई थी। तब घरवालों ने उसके प्रेमी को जान से मार डाला। इसके बाद लड़की अपने प्रेमी के घर पहुंची और उसके न सिर्फ उसके शव से शादी रचाई, बल्कि हुए आजीवन उसके घर रहने की कसम भी खाई।
क्या है पूरा मामला
यह प्रेम कहानी है आंचल और सक्षम ताते की। आंचल के भाइयों से दोस्ती के चलते सक्षम का उसके घर आना-जाना हुआ। धीरे-धीरे दोनों के बीच की जान-पहचान प्यार में बदल गई। करीब तीन साल तक उनका अफेयर चलता रहा। जब घरवालों को इस बात का पता चला तो उन्होंने आंचल पर दबाव बनाया। इसकी वजह, सक्षम का दूसरी जाति का होना था। हालांकि घरवालों की धमकियों के बावजूद आंचल ने सक्षम के साथ संबंध बनाए रखे।
भड़क उठे पिता और भाई
जब आंचल के भाइयों और पिता को पता चला कि वह सक्षम से शादी करने जा रही है तो वह लोग भड़क उठे। इसके बाद उन लोगों को सक्षम को जमकर पीटा। उसके सिर में गोली मारी और पत्थर से सिर कुचल दिया। जब सक्षम के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, आंचल उसके घर पहुंच गई। उसने सक्षम के शरीर पर हल्दी लगाया और अपने माथे पर सिंदूर लगाते हुए अपने ब्वॉयफ्रेंड के शव से शादी रचा ली।
इसलिए रचाई शादी
सिर्फ इतना ही नहीं, आंचल ने यह फैसला भी किया कि अब वह सक्षम के घर पर ही उसकी पत्नी के रूप में रहेगी। आंचल ने कहाकि हमारा प्यार जीत गया। सक्षम की मौत हो गई, लेकिन मेरे पिता और भाई हार गए। इसके साथ ही उसने सक्षम के हत्यारों के लिए सजा-ए-मौत भी मांगी है। आंचल ने कहाकि उसने मौत के बाद भी सक्षम से शादी इसलिए रचाई क्योंकि आज भी उनका प्यार जिंदा है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
