भिण्ड । मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के फूप थाना क्षेत्र में आज दोपहर एक 18 वर्षीय छात्रा ने चंबल नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना चंबल नदी के बरही पुल पर हुई। सूचना मिलने पर मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। फूप पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिण्ड भेज दिया है। वहीं, उत्तरप्रदेश पुलिस को नदी किनारे छात्रा का बैग मिला है। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मृतिका की पहचान ज्योति जाटव 18 वर्ष के रूप में हुई है। वह चंदनपुरा भिण्ड की रहने वाली थी। आज सुबह वह किसी काम का बोलकर घर से निकली थी। इसके बाद वह चंबल नदी के बरही के पास स्थित पुल पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुल पर पहुंचने के बाद छात्रा ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। यह देख मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भिण्ड जिले की फूप थाना पुलिस और उत्तरप्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। कुछ देर की तलाश के बाद फूप पुलिस ने छात्रा के शव को नदी से बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के दौरान उत्तरप्रदेश पुलिस ने नदी किनारे से एक बैग बरामद किया है। इस बैग में छात्रा से जुड़े दस्तावेज मिले हैं, जिससे उसकी पहचान में मदद मिली।
घटना के कारणों का फिलहाल कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला है। पुलिस छात्रा के मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट्स और पारिवारिक स्थिति की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच को और आगे बढ़ाया जाएगा।
