उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक पारिवारिक विवाद उस समय सनसनीखेज ड्रामे में बदल गया, जब एक पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ होटल में रंगे हाथों पकड़ लिया। यह मामला झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस का है।शक होने पर पत्नी का पीछा किया
जानकारी के अनुसार, 11 जनवरी को पति को खबर मिली कि उसकी पत्नी अपने बॉयफ्रेंड के साथ घूम रही है। शक होने पर उसने दोनों का पीछा किया। पत्नी और उसका प्रेमी बस स्टैंड के पास स्थित एक गेस्ट हाउस पहुंचे और वहां कमरा नंबर 103 लेकर रुक गए। कुछ ही देर बाद पति भी गेस्ट हाउस पहुंच गया और तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के आने से पहले ही होटल में हंगामा शुरू हो गया। पत्नी ने पति के सामने जमकर ड्रामा किया और कहा कि वह अपनी मर्जी से वहां आई है। जैसे ही पुलिस होटल पहुंची, प्रेमी डर के मारे बेड के नीचे छुप गया। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली और युवक को बेड के नीचे से बाहर निकाला।
तीन साल पहले हुई थी शादी
पति ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गए थे। साल 2023 में पत्नी ने पति के खिलाफ केस भी दर्ज कराया था, लेकिन बाद में कोर्ट के जरिए दोनों में समझौता हो गया। इसके बाद पति अपनी पत्नी के मामा के घर, सीपरी बाजार इलाके में रहने लगा। कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन फिर रिश्तों में दोबारा तनाव आ गया।
तलाक के बदले 10 लाख मांग रही पत्नी
पति का आरोप है कि पिछले डेढ़ साल से पत्नी उसके साथ नहीं रह रही है और एक युवक के साथ उसका प्रेम संबंध चल रहा है। पत्नी एक स्कूल में नौकरी करती है और उसी युवक के साथ आती-जाती है। पति ने बताया कि विरोध के बावजूद पत्नी ने प्रेमी से रिश्ता खत्म नहीं किया। पति का यह भी आरोप है कि पत्नी तलाक के बदले 10 लाख रुपये की मांग कर रही है।
वहीं पत्नी ने पुलिस के सामने कहा कि वह काफी समय से पति के साथ नहीं रह रही है और अपने फैसले खुद लेने के लिए स्वतंत्र है। उसने साफ कहा कि वह अपनी मर्जी से होटल आई थी और अब अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है। महिला ने यह भी कहा कि वह पति को तलाक देने के लिए तैयार है। होटल में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद पुलिस पति, पत्नी और प्रेमी तीनों को नवाबाद थाने ले गई। थाने में पति ने लिखित शिकायत दी और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।
थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव का बयान
नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि होटल में विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। तीनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
