मुंबई के वडाला ईस्ट इलाके में रहने वाली 46 साल की एक महिला ने एक मशहूर होम-सर्विस कंपनी की मसाजर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि जब उसने मसाज सेशन कैंसिल किया, तो मसाज करने वाली महिला ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता शहनाज एस पब्लिक रिलेशन्स के क्षेत्र में काम करती हैं और अपने 18 साल के बेटे के साथ वडाला ईस्ट में रहती हैं। शहनाज के मुताबिक, उन्हें काफी समय से कंधे में तेज दर्द था। दर्द से राहत पाने के लिए उन्होंने हमेशा की तरह अर्बन कंपनी ऐप के जरिए मसाज सेशन बुक किया।
रेगुलर मसाजर नहीं थी उपलब्ध
शहनाज ने बताया कि इस बार उनकी रेगुलर मसाजर उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में ऐप ने किसी दूसरी मसाजर को शाम 4:30 बजे के स्लॉट के लिए बुक कर दिया। शहनाज करीब 3:30 बजे घर पहुंची थीं और कुछ ही देर बाद मसाजर उनके घर आ गई।
बिल्डिंग सिक्योरिटी अलर्ट न मिलने पर हुआ शक
शहनाज ने बताया कि उनकी बिल्डिंग में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश करने पर निवासियों को नोटिफिकेशन मिलता है। लेकिन इस बार उन्हें कोई अलर्ट नहीं मिला। इसके बावजूद मसाजर सीधे उनके फ्लैट के दरवाजे तक पहुंच गई। शहनाज को यह बात अजीब लगी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज करते हुए मसाजर को अंदर आने दिया।
साज बेड को लेकर हुआ विवाद
घर के अंदर आने के बाद मसाजर ने अपना सामान सेट करना शुरू किया। तभी शहनाज ने देखा कि मसाज बेड सामान्य बेड से काफी बड़ा था। उन्होंने मसाजर से पूछा कि वह स्टैंडर्ड हॉट मसाज बेड क्यों नहीं लाई, जैसा कि पहले आने वाली मसाजर लाती थीं। इस पर मसाजर ने कहा कि उसके पास वही बेड है।
हॉल में मसाज कराने से महिला हुई असहज
शहनाज ने मसाज बेड को बेडरूम में एडजस्ट करने का सुझाव दिया, लेकिन मसाजर ने हॉल में ही सेटअप करने पर जोर दिया। शहनाज ने बताया कि उनके हॉल में बड़ी खिड़कियां हैं और उन्हें वहां मसाज कराना असहज लग रहा था। जब मसाजर लगातार हॉल में ही मसाज करने की जिद करने लगी, तो शहनाज ने सेशन कैंसिल करने का फैसला किया।
सेशन कैंसिल करते ही मसाजर का बदला व्यवहार
शहनाज ने बताया कि वह अपने मोबाइल पर रिफंड लेने और दूसरा स्लॉट बुक करने की कोशिश कर रही थीं। इस दौरान मसाजर कुछ मिनट तक चुपचाप खड़ी रही। इसके बाद वह अचानक अजीब बातें करने लगी और नोएडा में अर्बन कंपनी के ‘लॉन्च’ को लेकर बड़बड़ाने लगी।
गालियां देने का लगाया आरोप
शहनाज का आरोप है कि इसके बाद मसाजर किचन में गई और फिर हॉल में आकर जोर-जोर से चिल्लाने लगी और गालियां देने लगी। जब शहनाज ने उसे अपने घर से बाहर जाने को कहा, तो मसाजर हिंसक हो गई।
बाल खींचे, धक्का दिया…पीड़िता के अनुसार, मसाजर ने उसके बाल खींचे, उसे जमीन पर धक्का दिया और मारपीट की। इस हमले में शहनाज की आंख में खरोंच आई और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। यह घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है।
