जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के चोटीपोरा गांव से गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां सक्रिय आतंकवादी आबिद रमजान शेख, जिसे सुरक्षा एजेंसियों ने A++ श्रेणी का आतंकवादी घोषित किया है उसके पिता ने 26 जनवरी को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया.
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गणतंत्र दिवस के मौके पर आबिद रमजान शेख के पिता ने पूरे विधि के साथ तिरंगा फहराया और संविधान के प्रति सम्मान प्रकट किया. यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब घाटी में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई लगातार जारी है और युवाओं को हिंसा के रास्ते से दूर रखने के प्रयास किए जा रहे हैं.
मोस्ट वांटेड आतंकी है आबिद रमजान शेख
बताया जा रहा है कि आबिद रमजान शेख लंबे समय से सक्रिय आतंकवादी है और शोपियां सहित दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है. उसे सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया गया है. इसके बावजूद उसके पिता द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने को स्थानीय लोग एक अलग संदेश के रूप में देख रहे हैं. स्थानीय प्रशासन का कहना है कि गणतंत्र दिवस पर क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और तिरंगा फहराने की यह घटना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. अधिकारियों ने इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से परहेज किया है लेकिन सूत्रों का मानना है कि यह कदम समाज में शांति, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान को दर्शाता है. सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग इसे परिवार की ओर से मुख्यधारा से जुड़ने का संकेत मान रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि आतंकवाद से जुड़े मामलों में ऐसे कदमों को सावधानी से देखा जाना चाहिए. गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर कई स्थानों पर तिरंगा फहराया गया और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए.
