उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक को पड़ोस में रहने वाली महिला के इनरवियर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि मामला एकतरफा प्यार से जुड़ा है।

सूखने डाले कपड़ों में से गायब हो रहे थे इनरवियर

यह मामला उज्जैन के चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अमित मालवीय (25) के रूप में हुई है, जो शिकायतकर्ता महिला के घर के पास ही रहता है।
महिला ने पुलिस को बताया कि वह अक्सर घर के बाहर कपड़े सूखने के लिए डालती थी, लेकिन कुछ दिनों से उसके इनरवियर बार-बार गायब हो रहे थे।

CCTV में कैद हुई चोरी

शक होने पर परिवार के लोगों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। फुटेज में दिखाई दिया कि आरोपी कपड़े सूखने वाली जगह पर पहुंचता है और वहां से केवल महिला के इनरवियर उठाकर अपनी जींस की जेब में रख लेता है। बाकी कपड़े उसी तरह टंगे रहते हैं। इसके बाद वह चुपचाप वहां से चला जाता है।

फुटेज के आधार पर पुलिस ने किया गिरफ्तार

फुटेज मिलने के बाद महिला और उसके परिजन चिमनगंज मंडी थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत के साथ वीडियो भी सौंप दिया। फुटेज देखने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसी कॉलोनी से उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में सामने आई वजह

थाना प्रभारी गजेंद्र पचेरिया के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महिला से एकतरफा प्यार करता है। इतना ही नहीं, उसने महिला के नाम का टैटू भी अपनी छाती पर बनवा रखा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।