गुना। मध्यप्रदेश के गुना में हाईप्रोफाइल हवाला कांड में नया मोड़ सामने आया है। ट्रेनी आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ ने जिले में पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिसकर्मियों ने अपने बयानों में साफ कहा कि उन्होंने कोई गलती नहीं की और न ही किसी से वसूली की।
रूठियाई में दर्ज बयानों में पुलिस स्टाफ ने बताया कि पकड़े गए संदिग्ध व्यक्ति ने कैश का दावा किया था और भरोसा कर के उसे छोड़ दिया गया। स्टाफ ने कहा कि इस मामले में उनकी कोई व्यक्तिगत गलती नहीं है।
सूरत के जीरा व्यापारी ने अपनी सफाई में कहा कि पूरा पैसा एक नंबर का था और उन्हें पुलिस से कोई शिकायत नहीं है। व्यापारी फिलहाल गुजरात में हैं और गुना नहीं आ रहे। उन्हें नोटिस भेजा गया है वहीं गुजरात से बुलाने के लिए टीम भेजी जा रही है। व्यापारी के बयानों के बाद ही जांच का निष्कर्ष निकल पाएगा। अधिकारी बता रहे हैं कि जांच एक-दो दिन और चलेगी।
हवाला कांड के बाद धरनावदा थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। जिले के एसपी अंकित सोनी को हटाकर 2017 बैच की आईपीएस अधिकारी हितिका वासल को कमान सौंपी गई। खुद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस जानकारी की पुष्टि की।

निवर्तमान एसपी अंकित सोनी के पक्ष में सकल हिन्दू समाज सड़क पर उतर आया। संगठन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन भेजकर तबादले पर रोक की मांग की। उनका कहना है कि अंकित सोनी जनता में लोकप्रिय थे और जमीनी स्तर पर अपराध नियंत्रण तथा लापता मासूम बच्चियों को उनके परिवार से मिलवाने जैसे कार्य किए।
हवाला कांड में किरकिरी होने के बाद जिले की कमान अब हितिका वासल को सौंपी गई है। उन्होंने गुना पहुंचकर ज्वाइनिंग कर ली है।