भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एमपी नगर इलाके में रविवार रात करीब ढाई बजे एक क्लब के बाहर चार युवतियां आपस में भिड़ गईं और मामला देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी युवतियां नशे की हालत में थीं और किसी मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया। बीच सड़क पर ही झगड़ा इतना बढ़ गया कि हाथापाई शुरू हो गई, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी उंगली कटने की बात सामने आई है। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद की असली वजह जानने की कोशिश में जुटी है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे विवाद

गौरतलब है कि भोपाल में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। 16 मार्च को कोलार इलाके में डी-मार्ट के पास एक ट्रैफिक सिपाही और रेलवे की महिला कर्मचारियों के बीच सड़क पर विवाद हो गया था।

बताया गया कि बस रोकने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा मारपीट में बदल गया। महिला कर्मचारियों ने सिपाही पर बदसलूकी के आरोप लगाए थे, वहीं सिपाही की वर्दी फाड़े जाने की बात भी सामने आई थी। बाद में दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां मामला दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की थी।