मध्‍यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक शादी समारोह उस समय विवाद और हंगामे में बदल गया, जब दुल्हन ने मंच पर पहुंचते ही सबको चौंका दिया। परासिया से आई बारात के बीच, दुल्हन ने तय दूल्हे की जगह पंडाल में मौजूद अपने प्रेमी को वरमाला पहना दी।

यह मामला उमरेठ थाना क्षेत्र के मुजावर गांव का है, जहां 27-28 अप्रैल की रात विवाह कार्यक्रम चल रहा था। बारात का स्वागत हुआ, पारंपरिक रस्में पूरी हुईं और मेहमान समारोह में शामिल थे। जैसे ही वरमाला की रस्म के लिए दुल्हन को स्टेज पर लाया गया, माहौल अचानक बदल गया।

प्रेमी को चुना दुल्हन ने
स्टेज पर दूल्हा वरमाला का इंतजार कर रहा था, लेकिन दुल्हन ने अचानक पंडाल में खड़े अपने प्रेमी के पास जाकर उसे माला पहना दी और उससे गले लग गई। इस घटना से मौके पर मौजूद सभी लोग हैरान रह गए।

हंगामा और मारपीट
दुल्हन के इस कदम से नाराज परिजनों ने प्रेमी की पिटाई कर दी और उसे पंडाल से बाहर निकाल दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

बारात खाली हाथ लौटी
घटना से आहत दूल्हे ने शादी करने से इनकार कर दिया। काफी समझाने के बाद भी वह अपने फैसले पर कायम रहा और बारात बिना दुल्हन के ही वापस परासिया लौट गई। बाद में दूल्हा पक्ष ने उमरेठ थाने में इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई।

पहले से था प्रेम संबंध
जानकारी के मुताबिक, युवती और युवक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। परिवार के दबाव में शादी तय हुई थी, लेकिन दुल्हन ने शादी के दिन ही अपना फैसला सबके सामने जाहिर कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।