उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है. यहां एक महिला ने अपने प्रेमी (जो रिश्ते में उसका देवर लगता है) की शादी होने से नाराज होकर खौफनाक कदम उठा लिया. महिला ने युवक को मिलने के बहाने खेत में बुलाया और ब्लेड से उसका प्राइवेट पार्ट काट डाला. अवैध संबंधों के इस खूनी अंजाम ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है.

घटना पाली थाना क्षेत्र के गुजदेई गांव की है. 20 वर्षीय सुधीर का पिछले 4 वर्षों से अपने ही रिश्ते की एक भाभी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. महिला चार बच्चों की मां है. बताया जा रहा है कि सुधीर की शादी बीते 6 मई को कहीं और संपन्न हो गई थी. सुधीर की शादी की खबर सुनते ही उसकी शादीशुदा प्रेमिका बदले की आग में जलने लगी. उसे लगा कि सुधीर ने उसके साथ बेवफाई की है. शनिवार को महिला ने सुधीर को कुरसेली गांव के पास खेतों में बातचीत के बहाने बुलाया. सुधीर जब वहां पहुंचा, तो दोनों के बीच शादी को लेकर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि महिला ने अचानक पास रखा ब्लेड निकाला और सुधीर के प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया. हमले के बाद सुधीर लहूलुहान होकर दर्द से तड़पने लगा.

हमले के बाद सुधीर अपनी जान बचाकर सड़क की ओर भागा, जिसके पीछे-पीछे आरोपी महिला भी पहुंच गई. सड़क पर दोनों के बीच काफी देर तक विवाद होता रहा, जिससे वहां भीड़ जमा हो गई. खुद को घिरता देख महिला ने तुरंत कहानी बदल दी. उसने भीड़ के सामने आरोप लगाया कि वह बैंक जा रही थी और सुधीर ने उसे रोककर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, जिसके बचाव में उसने हमला किया.

गंभीर रूप से घायल सुधीर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग और रंजिश का लग रहा है. तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.