इंदौर। ग्रामीण इलाके में दंपति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बाद में पत्नी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि पति का भी गला कटा था। वह भी बेसुध मिला। दोनों के बीच घर में क्या हुआ था, यह किसी को पता नहीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खुडै़ल इलाके स्थिति बिहाडिय़ा गांव में रहने वाली 32 साल की ज्योति के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया, जबकि उसके पति बलराम का एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा है। बलराम का ब्लेड से गला कटा है। वह भी कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है। दोनों के परिजन ने बताया कि कल सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे तो दोनों इस हालत में थे। यह बात सामने आ रही है कि दोनों की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। दोनों का एक बेटा और बेटी है। कल बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे और दंपति में किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद यह स्थिति बनी। पुलिस का कहना है कि अभी तो यह भी स्पष्ट नहीं है कि ज्योति फांसी पर खुद लटकी अथवा नहीं। उधर, बलराम जहां पड़ा था उसके पास में ब्लेड भी पड़ी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसने आत्महत्या की कोशिश की होगी। वह बारदान का काम करता था।
