योग आज पूरे विश्व में अपनी जगह बना चुका है। फिजिकल फिटनेस से लेकर मानसिक शांति तक, योग बहुत प्रभावी साबित होता है। इसलिए कई लोग अब योग को अपनी रोज़मर्रा की ज़िन्दगी में शामिल कर रहे हैं। अगर आप भी पहली बार योग शुरू करने जा रहे हैं, तो आपके मन में कुछ सवाल होंगे कौन सा मैट लें, योग के कपड़े किस प्रकार के हों, शुरुआत कैसे करें आदि। इन सवालों के जवाब नीचे दिए गए हैं ताकि आपका योग-सफ़र सुरक्षित और फायदेमंद रहे।
सही योग मैट चुनें
योग के लिए सही मैट बहुत जरूरी है। गलत मैट से हाथ-पैर फिसल सकते हैं और चोट लगने का खतरा रहता है। शुरुआत के लिए 4–6 मिमी मोटाई वाला मैट सबसे अच्छा रहता है क्योंकि यह घुटनों और जोड़ो को कुशनिंग देता है। मटीरियल पर ध्यान दें: टीपीई या रबर के मैट अच्छी ग्रिप देते हैं। पीवीसी मैट सस्ते होते हैं पर वे जल्दी फिसल सकते हैं।
आरामदायक कपड़े पहनें
योग करते समय ऐसे कपड़े पहनें जो आपकी मूवमेंट में बाधा न डालें। बहुत ज़्यादा टाइट कपड़े से बचें क्योंकि योग में सांसों पर ध्यान आवश्यक है और टाइट कपड़ों से सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। बहुत ढीले कपड़े भी मूवमेंट में परेशानी पैदा कर सकते हैं। सूती (cotton) या पसीना सोखने वाले फैब्रिक चुनें ताकि त्वचा सांस ले सके।
खाली पेट योग करें
योग का एक महत्वपूर्ण नियम है कि इसे खाली पेट किया जाए। इसलिए सुबह का समय सबसे अच्छा माना जाता है। अगर आप शाम को योग कर रहे हैं तो खाने के कम से कम 4–5 घंटे बाद ही योग करें।
शरीर की सीमाएं न तोड़ें
पहले दिन सोशल मीडिया पर दिखने वाले कठिन आसनों से शुरुआत न करें। शुरुआत आसान आसनों, जैसे ताड़ासन, शशांकासन, सुखासन आदि से करें ताकि शरीर धीरे-धीरे स्ट्रेच हो। अगर किसी आसन में तेज दर्द महसूस हो तो तुरंत रुकें, वरना मांसपेशियों को चोट लग सकती है। आर्थराइटिस या कोई पुरानी बीमारी होने पर योग शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लें।
सांसों पर ध्यान दें
योग में सांसों का ध्यान बहुत जरूरी है। आसन करते समय गहरी और नियंत्रित सांस लें और छोड़ें। प्राणायाम से शुरुआत करने से फेफड़ों और दिमाग को शांति मिलती है और आपके अभ्यास में सुधार होता है।
