उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में डबल मर्डर केस में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने खुलासा किया कि दामाद ने अपने भाई और एक अन्य के साथ मिलकर सास और उसके प्रेमी को मौत के घाट उतार दिया। हत्याकांड के पीछे दो बड़ी वजह सामने आई हैं। एक वजह पत्नी को लेकर है। दामाद और उसका भाई अरेस्ट कर लिया गया है, जबकि तीसरा आरोपी फरार है।
उज्जैन जिले के घट्टिया तहसील के थाना राघवी में गुरुवार 18 जून को महुडीपुरा रोड स्थित ब्राह्मणखेड़ा के समीप एक खेत में महिला और पुरुष के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी, घटना की सूचना मिलते ही राघवी थाना प्रभारी वीरेंद्र बंदेवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई,पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान कालूराम वर्मा पिता पर्वतलाल वर्मा, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बैलाखेड़ा और मंजुबाई शर्मा पति सत्यनारायण शर्मा, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम बैलाखेड़ा के रूप में हुई। दोनों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में पाए गए, जिसके बाद क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई।
डबल मर्डर से सनसनी
मिली जानकारी के अनुसार डबल हत्या के मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी जेडेन लिंगजेरपा भी घटनास्थल पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया, पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया। घटनास्थल से प्राप्त भौतिक साक्ष्य, परिस्थिति जन्य साक्ष्य, वैज्ञानिक साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य अनुसंधान के आधार पर हत्या का मामला पाए जाने पर थाना राघवी में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
हत्या की वजह
मंजूबाई का अवैध संबंध कालूराम वर्मा से था। वहीं, आरोपी अनिल का विवाह मंजुबाई की पुत्री के साथ हुआ था। विवाह के उपरांत उसकी पत्नी बार-बार मायके चली जाती थी। आरोपी द्वारा समझाइश देने के बावजूद मंजुबाई एवं उसके परिवारजन उसे ससुराल भेजने के लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के मध्य लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। उक्त रंजिश एवं आक्रोश के चलते आरोपी अनिल ने अपने भाई कालूराम एवं साथी रफीक के साथ मिलकर षड्यंत्रपूर्वक मंजुबाई मंजुबाई और कालूराम वर्मा की हत्या कर दी।
24 घंटे में दोहरे हत्याकांड का खुलासा
राघवी थाना प्रभारी वीरेंद्र बंदेवार ने बताया कि थाना क्षेत्र में खेत की मेड़ पर मिले महिला ओर पुरुष के शव में थाना राघवी पुलिस द्वारा मात्र 24 घंटे में दोहरे हत्याकांड का सफल खुलासा किया है। उज्जैन जिले में गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों से पूछताछ की गई।
आरोपियों की पहचान अनिल पिता आनंदीलाल, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम बरखेड़ा बुजुर्ग, जिला उज्जैन और कालूराम पिता आनंदीलाल, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम बरखेड़ा बुजुर्ग जिला उज्जैन के रूप में हुई है। जबकि रफीक पिता मुबारक, उम्र 46 वर्ष, निवासी नवदुर्गा कॉलोनी के पीछे, जिला उज्जैन फरार है।
