जबलपुर।मध्य प्रदेश के जबलपुर में लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने पनागर नगर पालिका में पदस्थ सब इंजीनिर शुभम जैन को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी सब इंजीनियर एक ठेकेदार का अंतिम भुगतान (बिल) जारी करने के एवज में कमीशन की मांग कर रहा था। लोकायुक्त की इस अचानक हुई कार्रवाई से नगर पालिका कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
कीटनाशक दवाओं की आपूर्ति का था ठेका
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ठेकेदार राजेंद्र सतनामी ने पनागर नगर पालिका में कीटनाशक दवाओं की आपूर्ति करने का ठेका लिया था। उनके कार्य का अधिकांश भुगतान पहले ही किया जा चुका था, लेकिन अंतिम बिल का भुगतान लंबे समय से लंबित था।
50 हजार मांगी थी रिश्वत, 40 हजार पर हुआ सौदा
ठेकेदार राजेंद्र सतनामी का आरोप था कि उनका लंबित बिल पास करने के बदले सब इंजीनियर शुभम जैन ₹50 हजार की रिश्वत मांग रहा था। ठेकेदार द्वारा काफी अनुरोध किए जाने के बावजूद आरोपी अपनी मांग पर अड़ा रहा। परेशान होकर राजेंद्र सतनामी ने इसकी लिखित शिकायत जबलपुर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक से की। लोकायुक्त टीम ने जब शिकायत का सत्यापन कराया, तो आरोप सही पाए गए। इसके बाद लोकायुक्त ने सब इंजीनियर को पकड़ने के लिए एक जाल (ट्रैप की योजना) बुना।
कार्यालय में ही दबोचा गया आरोपी
योजना के मुताबिक, मंगलवार दोपहर जब आरोपी सब इंजीनियर शुभम जैन अपने कार्यालय में ठेकेदार से ₹40 हजार की रिश्वत ले रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी सब इंजीनियर शुभम जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल लोकायुक्त की टीम द्वारा मामले की विस्तृत जांच और आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई की जा रही है।
