दतिया: मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दतिया एसपी को चुनावी मंच से बड़ी चेतावनी दी है. दतिया से टिकट न मिलने के बाद ये पहली बार जो उनका लहजा स्थानीय प्रशासन के खिलाफ इतना सख्त दिखा. उन्होंने कहा कि एसपी साहब ध्यान से सुनें. मैं इतना कहना चाहता हूं आपने गाड़ियां तोड़ीं, हमारे पास फुटेज हैं. आपको चक्काजाम खुलवाना था, खुलवाते लेकिन गैस के गोले बीजेपी कार्यालय पर क्यों दागे क्या बिल्डिंग सड़क पर रखी थी? नरोत्तम मिश्रा ने एसपी को सख्त लहजे में कहा, ‘मैं दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं. मैं प्रेम और क्रोध दोनों याद रखता हूं. यहां की आवाज आप तक पहुंचेगी. इसीलिए कह रहा हूं कि निर्दोष कार्यकर्ताओं पर केस लगाना और निर्दोष लोगों को पीटना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हम सब 3 तारीख का इंतजार कर रहे हैं.’
दरअसल, टिकट न मिलने के बाद दतिया उपचुनाव में आशुतोष तिवारी के सर्मथन में प्रचार के दौरान सभा को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने यह बयान दिया है. दतिया में बीजेपी कार्यालय में भरे मंच से डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आशुतोष तिवारी की क्षमता नहीं मेरा टिकट काटने की. मेरा टिकट काटने वाले कोई और है वहां तक उनके जाने की क्षमता नहीं है. वो कोई और हैं वहां मैं बात करूंगा.
क्या है मामला?
दरअसल, नरोत्तम मिश्रा दतिया उपचुनाव में बीजेपी टिकट के लिए मजबूत दावेदार थे. लेकिन पार्टी ने उनकी जगह आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया. मिश्रा को टिकट न मिलने के बाद, उनके समर्थकों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया. विरोध कर रही भीड़ और सड़क खाली कराने पहुंची पुलिस टीम के बीच टकराव हुआ.
नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों पर लाठीचार्ज
बताया जाता है कि इसके बाद पुलिस ने हाईवे खाली कराने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े. भीड़ के हटने के बाद पुलिस ने नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की. बस पुलिस की इसी कार्रवाई से नरोत्तम मिश्रा नाराज बताए जा रहे हैं. उन्होंने दतिया में जनसभा को संबोधित करते हुए, पुलिस की कार्रवाई पर कड़ा रुख अपनाया और सार्वजनिक मंच से अधिकारियों को चेतावनी दी.
