ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दो जुड़वां LLB छात्राओं ने मोबाइल छीनकर भाग रहे एक बदमाश को पकड़कर बहादुरी की मिसाल पेश की। बाइक सवार आरोपी का दोनों बहनों ने करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्कूटी दौड़ाकर पीछा किया। फूलबाग चौराहे के पास उन्होंने बदमाश की बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। खुद भी स्कूटी से गिरने के बावजूद दोनों ने हिम्मत नहीं छोड़ी और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों बहनों ने बीच सड़क पर ही आरोपी की जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कॉलेज जाते समय छीना मोबाइल

अशिता अग्रवाल और रशिता अग्रवाल ग्वालियर के नई सड़क स्थित माधव कॉलेज में LLB की पढ़ाई कर रही हैं। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे दोनों बहनें स्कूटी से कॉलेज जा रही थीं।फूलबाग चौराहे से पहले एक बाइक सवार युवक अचानक उनके पास पहुंचा और एक बहन के हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद आरोपी ने बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागना शुरू कर दिया।

80 की रफ्तार से पीछा, चौराहे पर घेरा

मोबाइल लूटे जाने के बाद दोनों बहनों ने घबराने के बजाय तुरंत आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। उन्होंने करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्कूटी दौड़ाई और फूलबाग चौराहे के पास आरोपी को घेर लिया।भागने की कोशिश कर रहे बदमाश की बाइक में दोनों ने अपनी स्कूटी से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आरोपी और दोनों छात्राएं सड़क पर गिर पड़े। चोट लगने के बावजूद बहनों ने तुरंत खुद को संभाला और आरोपी को भागने का मौका नहीं दिया।

गिरने के बाद भी नहीं छोड़ा, पकड़कर पीटा

दोनों बहनों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद बीच सड़क पर उसकी पिटाई शुरू कर दी। वायरल वीडियो में आरोपी दोनों बहनों के सामने हाथ जोड़ता और कान पकड़कर माफी मांगता दिखाई दे रहा है।मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने दोनों छात्राओं के साहस की तारीफ की और पुलिस को घटना की सूचना दी।

पंजाब का रहने वाला है आरोपी

सूचना मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में उसकी पहचान पंजाब के जालंधर निवासी मनप्रीत के रूप में हुई। बताया गया कि वह काम के सिलसिले में ग्वालियर आया था।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी से मोबाइल स्नैचिंग की घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।

SSP ने दोनों बहनों को किया सम्मानित

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्वालियर के SSP धर्मवीर सिंह और ASP सजावल जग्गा ने दोनों छात्राओं को पुलिस कंट्रोल रूम बुलाया।अशिता और रशिता की बहादुरी की सराहना करते हुए अधिकारियों ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस अधिकारियों ने उनकी हिम्मत को अपराध के खिलाफ आम नागरिकों की जागरूकता और साहस का उदाहरण बताया।