योग हमारी प्राचीन परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मन को शांत रखने में भी मदद करता है। योग के विभिन्न आसनों में अर्द्धहलासन शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह आसन हलासन का आधा रूप माना जाता है और इसे करना भी अपेक्षाकृत सरल है।

अर्द्धहलासन संस्कृत के दो शब्दों से मिलकर बना है, जिसमें ‘अर्द्ध’ का अर्थ ‘आधा’ और ‘हल’ का अर्थ ‘खेत जोतने वाला’ होता है। हलासन में पैरों के अंगूठे सिर के पीछे जमीन को छूते हैं, जबकि अर्द्धहलासन में पीठ के बल सीधे लेटकर दोनों पैरों को जमीन से करीब 90 डिग्री तक ऊपर उठाया जाता है।

आयुष मंत्रालय के अनुसार, अर्द्धहलासन का नियमित अभ्यास कई तरह से फायदेमंद हो सकता है। इससे पेट की चर्बी कम करने में मदद मिलती है, पाचन तंत्र बेहतर होता है, रीढ़ की हड्डी में लचीलापन आता है और रक्त संचार में सुधार हो सकता है। इसके अलावा, यह पैरों की मांसपेशियों को मजबूत करने और तनाव व चिंता को कम करने में भी सहायक माना जाता है।

अर्द्धहलासन करने के लिए सबसे पहले पीठ के बल सीधे लेट जाएं और दोनों हाथों को शरीर के बगल में रखें। हथेलियां जमीन की ओर होनी चाहिए। इसके बाद सांस लेते हुए घुटनों को बिना मोड़े दोनों पैरों को धीरे-धीरे ऊपर उठाएं और उन्हें जमीन से 90 डिग्री का कोण बनाने तक ले जाएं। इस दौरान शरीर का ऊपरी हिस्सा स्थिर रखें और सामान्य रूप से सांस लेते रहें।

इस स्थिति में अपनी क्षमता के अनुसार करीब 10 से 30 सेकेंड तक रहें। इसके बाद सांस छोड़ते हुए बिना सिर उठाए पैरों को धीरे-धीरे वापस जमीन पर ले आएं। आसन पूरा करने के बाद कुछ समय शवासन में आराम करें। शुरुआत में इस आसन को अपनी क्षमता के अनुसार करें और किसी तरह का खिंचाव या दर्द महसूस होने पर इसे रोक दें।

हालांकि, अर्द्धहलासन करते समय कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है। अगर किसी व्यक्ति को पीठ दर्द, हर्निया, गर्भावस्था या कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, तो इस आसन का अभ्यास करने से पहले चिकित्सक या योग्य योग प्रशिक्षक की सलाह लेनी चाहिए। योग स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन इसे अपनी शारीरिक क्षमता और विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार करना बेहतर है।