इंदौर। लव मैरिज करने वाली युवती की हत्या में पुलिस आज दो बजे खुलासा करने वाली है। महिला की हत्या उसकी जेठानी ने की। उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। राऊ के न्यू नेहरू नगर में रहने वाली नवविवाहिता 22 वर्षीय वंदना पटेल की हत्या कर उसका शव हौद में फेंक दिया गया था।
बताया जा रहा है कि वह राज नगर की रहने वाली थी और उसने कपड़े बेचने वाले रूपेंद्र से एक माह पहले लव मैरिज की थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि वंदना की हत्या घर में ही की गई थी। उसके पति रूपेंद्र का कहना है कि वह दिन में दुकान पर गया था। शाम को लौटा तो पत्नी का शव हौद में मिला। वहीं रूपेंद्र की भाभी पर जब हत्या का शक हुआ तो पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। डीसीपी नरेन्द्र रावत ने बताया कि दोनों के बीच राखी के दिन विवाद हुआ था, जिस पर वंदना ने कहा था कि मैं तुझको घर से निकलवा दूंगी। इसी बात को लेकर कल उनके बीच फिर विवाद हुआ और फिर उस पर चाकू से हमला कर दिया और बेहोश हालत में ही खींचकर उसे हौद में फेंक आई, जहां उसकी मौत हो गई।
