मध्य प्रदेश के कटनी शहर के शासकीय जिला अस्पताल परिसर स्थित निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल से शनिवार को एक महिला ने छलांग लगा दी। पुणे जाने की बात को लेकर पति से हुए घरेलू विवाद के बाद महिला ने यह जानलेवा कदम उठाया।

लगभग आधे घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद जब महिला नीचे कूदी, तो अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। घटना में महिला को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है। घायल महिला की पहचान इंद्रा ज्योति कॉलोनी (माधवनगर) निवासी 45 वर्षीय दुर्गा वंशकार (पति संतोष वंशकार) के रूप में हुई है।

​घरेलू विवाद से शुरू हुई बात, अस्पताल की मंजिल तक पहुंची

​महिला की सास मालती बाई वंशकार ने बताया कि दुर्गा अपने पति संतोष के साथ पुणे जाने की ज़िद कर रही थी। हालांकि, घर में बच्चों की तबीयत खराब होने के कारण पति ने फिलहाल साथ ले जाने में असमर्थता जताई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आक्रोशित होकर दुर्गा घर से निकल गई और सीधे जिला अस्पताल परिसर की निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में जा पहुंची।

​30 मिनट तक सांसें रोक देने वाला ड्रामा

महिला जब निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल पर चढ़ी, तब जाकर वहां मौजूद लोगों और तीमारदारों का ध्यान उस ओर गया। महिला को खतरनाक स्थिति में खड़ा देख परिसर में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

​घटना की सूचना तुरंत स्थानीय कोतवाली पुलिस, अस्पताल स्टाफ और सुरक्षा गार्डों को दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस बल, अस्पताल कर्मियों और महिला के परिजनों ने करीब 30 मिनट तक उसे शांत करने और नीचे उतरने के लिए मिन्नतें कीं। हालांकि, आक्रोश में डूबी महिला ने किसी की एक न सुनी और मौजूद भीड़ के सामने ही चौथी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी।

​त्वरित इलाज से बची जान, जांच में जुटी पुलिस

महिला के नीचे गिरते ही परिसर में मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों और परिजनों ने तत्परता दिखाई और उसे तुरंत इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। ​जिला सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि महिला को प्राथमिक उपचार दे दिया गया है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। ऊंचाई से गिरने के कारण हड्डियों में फ्रैक्चर और अंदरूनी चोटों की विस्तृत जांच की जा रही है।

​मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं प्रतीत हो रही है। परिजनों से पूछताछ में यह भी सामने आया है कि महिला पूर्व में भी इस तरह की आत्मघाती हरकतें कर चुकी है।