एमपी के जबलपुर स्थित सिहोरा में आज सुबह सकल जैन समाज ने शरद पूर्णिमा महोत्सव और आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज की जयंती पर शोभायात्रा निकाली। यात्रा सुबह 9 बजे बड़े जैन मंदिर महावीर चौक से शुरू हुई। इसमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। बैंड-बाजों की धुन पर श्रद्धालु आचार्य श्री के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।
शोभायात्रा में आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज, मुनि श्री 108 प्रसाद सागर महाराज और आर्यिका रत्न 105 ज्ञानमती माता के कटआउट थे। श्रद्धालु हाथों में छोटे कटआउट लेकर चल रहे थे। यात्रा सरावगी मोहल्ला, झंडा बाजार, आजाद चौक, गोरी तिराहा, बस स्टैंड, सिविल कोर्ट तिराहा, मैना कुआं और ब्राह्मणपुरा से गुजरी। सकल जैन समाज सिहोरा के अध्यक्ष सन्मति जैन ने बताया कि मंदिर में श्रीजी का अभिषेक-पूजन और आचार्य श्री का पूजन होगा। बड़े जैन मंदिर झंडा बाजार में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इनमें आचार्य श्री 108 समयसागर महाराज का अवतरण दिवस, मुनि श्री 108 प्रसाद सागर महाराज का 30वां दीक्षा दिवस और आर्यिका रत्न 105 ज्ञानमती माता का अवतरण दिवस मनाया जाएगा।
