ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में अज्ञात बदमाशों ने एक बैंक की गाडी को फायरिंग करके लूट लिया। इस घटना में वाहन में सवार गनमैन की मौत हो गई जबकि वाहन चालक घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल वाहन चालक को अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं गनमेन के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज मामला कायम कर लिया है।
जानकारी के अनुसार घटना शिवपुरी लिंक रोड क्षेत्र की है। बदमाशों ने हमला कर लाखों रुपए लूट लिए। हालांकि कितनी राशि लूटी गई इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। बताया जाता है कि मोटरसाइकल पर आए तीन हमलावरों ने इस घटना को अंजाम दिया।
शहर के कम्पू थाना क्षेत्र स्थित शिवपुरी लिंक रोड पर सिक्योर ट्रांस कलेक्शन कंपनी की गाडी मारुति सुजुकी शोरूम और फ्लिपकार्ट के ऑफिस से करीब 7 से 8 लाख रुपए का कलेक्शन कर सिटी सेन्टर एचडीएफसी के लिए जा रही थी। तभी बाइक सवार 3 बदमाशों ने बाइक कलेक्शन कार के आगे लगा दी। पिस्टल तानकर हाथ ऊपर करने के लिए कहा। गनमैन रमेश तोमर ने गन निकाली तभी बदमाशों ने गले मे गोली मार दी। चालक रंजीत पर भी फायर कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग के बीच कैशियर रितेश निकलकर भाग गया। गाडी की सीट पर रखे बैंग को लेकर बाइक सवार बदमाश भाग गए। गोली लगने से गनमैन रमेश की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने दो संदेही भी पकडे हैं। दिन दहाडे हुई इस बारदात से क्षेत्र में लोगों में भय व्याप्त हो गया है।