इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर संभाग के खंडवा ओंकारेश्वर के ममलेश्वर मंदिर के पास 16 वर्षीय नाबालिग लडकी का तीसरी बार विवाह हो रहा था। जानकारी मिलने पर महिला बाल विकास विभाग, मांधाता एसडीएम, तहसीलदार व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। नाबालिग लडकी सहित दूल्हा व एक दलाल महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि लडकी का फूफा व काका फरार हो गए। लडकी को उसके काका ने 20 हजार रुपए में बेचा था।

पीडित ने पुलिस को बताया उसका फूफा प्रेम कोरकू और काका विजय कोरकू निवासी खालवा ने दलाल संगीता पति रोहित निवासी चीराखदान के साथ 20 हजार में खरीद-फरोख्त तय कर खंडवा के टपालचाल के भास्कर इनावडे से शादी करवा रहे थे। लडकी के मुताबिक उसका ढाई साल का लडका भी है जो कि फूफा प्रेम कोरकू का है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दो दूल्हा व दलाल महिला को गिरफ्तार किया है।

लडकी के मुताबिक पूर्व में फूफा ने ज्यादती की, जिससे 14 साल की उम्र में लडका पैदा हो गया। मां की मौत हो गई। पिता की नीयत भी अच्छी नहीं है। पिता ने 1 लाख 20 हजार रुपए में भास्कर नारवे को बेच दिया जो खंडवा स्टेशन पर काम करता है। कैलाश नाम के एक युवक से भी रुपए लेकर शादी करवा दी। उसे छोड दिया। लडकी ने कहा मेरी जिंदगी बर्बाद करने वालों को कडी सजा मिलें।

लडकी की शिकायत पर मानव तस्करी, दुष्कर्म, अपहरण व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है। लडकी की मेडिकल जांच कराई गई है। मामले में रैकेट का भी खुलासा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *