भोपाल। राजधानी में आज रात 8 बजे से 3 अगस्त की रात 8 बजे तक टोटल लॉकडाउन के संबंध में कलेक्टर अविनाश लवानिया ने आदेश जारी कर दिए हैं। चार महीने पहले यानी 23 मार्च की रात से भोपाल में कोरोना संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन किया गया था। इसी व्यवस्था के तहत अब शहर में अतिआवश्यक सेवाएं जैसे दूध, सब्जी, मेडिकल स्टोर, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, इंडस्ट्री और एयरपोर्ट व रेलवे स्टेशन से टिकट के आधार पर आवागमन करने वालों को अनुमति रहेगी। इसके अलावा सारी दुकानें, बाजार सहित अन्य व्यवस्थाएं पूरी तरह से 10 दिन के लिए बंद किया गया है।
इन नियमों का जो उल्लंघन करेंगे, उस पर धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी। शहर में आज रात आठ बजे के बाद से सख्ती से टोटल लॉकडाउन और कर्फ्यू के आदेश का पालन कराने के लिए कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए हैं।
राजधानी में बीते दो सप्ताह में कोरोना का कहर बहुत तेजी से फैला। ऐसे में हाल ही में आने वाले त्योहारों और संक्रमण की रफ्तार को लेकर प्रशासन ने 10 दिन का लॉकडाउन लगाया है। विभागीय सूत्रों की मानें तो यदि शहर में कोरोना पॉजीटिव मरीजों की संख्या में कमी नहीं आई, तो आने वाले 10 दिन और टोटल लॉकडाउन बढ़ाने की आशंका है। 3 अगस्त तक शहर में सख्ती से लॉकडाउन है। ऐसे में यदि इसे आगे बढ़ाया गया, तो 13 अगस्त तक यह स्थिति बन सकती है। सूत्रों के अनुसार इसके पीछे का एक कारण कृष्ण जन्माष्टमी पर्व भी है।
अफसरों का दावा है कि इस बार नगर निगम सब्जी और फल बेचने के लिए स्थानीय ठेलों वालों के माध्यम से काम कराएगी। निगम प्रशासन के पास ठेले वालों की सूची है। ऐसे में वे जिस क्षेत्र में लोग रहते हैं, वहीं उसे व्यवस्था दी जाएगी। दरअसल, पिछली बार नगर निगम प्रशासन ने पुराने शहर के लोगों को नए शहर के इलाकों में सब्जी बेचने के लिए पास जारी कर दिए थे। जिससे पूरे शहर में अव्यवस्था और महंगी सब्जियां व फल बेचे गए थे। इस बार गलती को सुधार करके नई व्यवस्था पर काम किया जा रहा है। संभवत: आज शाम या कल इस व्यवस्था को लेकर गाइडलाइन जारी होगी।