ग्वालियर। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ आज अपने दो दिवसीय प्रवास पर विशेष वायुयान से ग्वालियर पहुंचे। उप चुनावों के मददेनजर कमलनाथ का यह दौरा था जिसमें उनका विजयाराजे सिंधिया विमान तल से वीरांगना की समाधि तक भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने लक्ष्मीबाई की समाधि के सामने मैदान में एक धन्यवाद सभा को भी संबोधित किया।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ लगभग एक बजे विमान तल पर पहुंचे जहां से वह कार में सवार होकर लक्ष्मीबाई की समाधि तक गये। रास्ते में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पोस्टर , बैनर होर्डिंग लगाकर पुष्प वर्षा तथा बैंड बाजों के साथ भव्य स्वागत किया। उन्हें लक्ष्मीबाई की समाधि तक पहुंचने में साढे तीन घंटे से अधिक का समय लगा। इस अवसर पर पूर्व सीएम के साथ उनके तत्कालीन केबिनेट के साथी पीसी शर्मा, ग्वालियर के विधानसभा उपचुनाव के प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान, ग्वालियर के प्रत्याशी सुनील शर्मा, ग्वालियर पूर्व प्रत्याशी सतीश सिकरवार , जिलाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा, सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता महिला कार्यकर्ता, सेवादल कार्यकर्ता आदि मौजूद थे। इसके बाद पूर्व सीएम एक निजी होटल में चले गये जहां उन्होंने विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों से चुनाव के साथ ही अन्य बातों पर चर्चा की।
पूर्व सीएम कमलनाथ जैसे ही लक्ष्मीबाई की समाधि पर पहुंच कर माल्यार्पण कर रहे थे , तभी आसमान में छाई एक बदली से पानी बरसने लगा। पानी बरसते ही कार्यकर्ता इधर उधर मागने लगे। वहीं कुछ कार्यकर्ता पोस्टरों को अपने सिर पर रखकर पानी से बचते नजर आये तो कुछ पानी में भीगते हुये भी। कमलनाथ को भी छाते के साये में मंच पर लाया गया तभी एक बार फिर तेज पानी आ गया। कमलनाथ ने धन्यवाद सभा में धन्यवाद दिया और कहा कि इस बार ग्वालियर अंचल इतिहास बनायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि मजदूरों को भी वह न्याय दिलायेंगे।