गुना। मध्यप्रदेश के ग्वालियर के गुना जिले में उत्तरप्रदेश पुलिस की गाड़ी एक बार फिर से पलट गई है। उत्तरप्रदेश पुलिस की टीम मुंबई से गैंगस्टर फिरोज खान को लेकर लौट रही थी। गाड़ी पलटने के बाद गैंगस्टर फिरोज खान की मौत हो गई है। वहीं, हादसे में 4 लोग घायल हैं। घटना गुना जिले के चांचैड़ा थाना क्षेत्र के पाखरियापुरा टोल के पास की है।
उत्तरप्रदेश पुलिस गैंगस्टर एक्ट के आरोपी फिरोज खान को मुंबई से लखनऊ ले जा रही थी। वाहन पलटने से फिरोज खान की मौके पर मौत हो गई है, जबकि 4 लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, लखनऊ के ठाकुरगंज थाने में वर्ष 2014 में 65 वर्षीय फिरोज खान, निवासी थाना कोतवाली, जिला-बहराइच के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। तभी से वह फरार था।
उसे गिरफ्तार करने के लिए सब इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पाण्डेय, कॉन्स्टेबल संजीव सिंह और आरोपी के साढ़ू भाई अफजल के साथ मुंबई गए थे। फिरोज खान मुंबई की झुग्गी बस्ती में रह रहा था। और भीख मांग कर अपना गुजारा कर रहा था। मुंबई से फिरोज खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम शनिवार को लखनऊ के लिए रवाना हुई।
रविवार सुबह सड़क पर गायों का झुंड आ गया और अचानक हादसा हो गया। हादसे में फिरोज की मौत हो गई। अफजल खान का हाथ फ्रैक्चर हुआ है। पुलिसकर्मी संजीव, जगदीश प्रसाद व वाहन चालक सुलभ मिश्रा को भी चोटें आई हैं। घायल सभी ब्यावरा के अस्पताल में भर्ती किए गए हैं और वहीं पर मर्ग कायम किया गया है।